85 साल के पद्मश्री प्रो. टीके लहरी को ICU में मारा थप्पड़, एसोसिएट प्रोफेसर ने दी गाली, BHU में जांच शुरू
BHU Hospital ICU: काशी हिंदू विश्वविद्यालय (BHU) अस्पताल के ICU में आठ महीने से भर्ती 85 वर्षीय पद्मश्री प्रो. टीके लहरी (Prof. T.K. Lahiri) को थप्पड़ मारने और गाली देने के आरोप से हड़कंप मच गया है। आरोप कार्डियोथोरेसिक विभाग के एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. अरविंद पांडेय पर लगा है।
परिजनों के मुताबिक, 29 अगस्त की रात सुपरस्पेशियलिटी ब्लॉक के पांचवें तल पर स्थित ICU में प्रो. लहरी के साथ दुर्व्यवहार किया गया और उन्हें थप्पड़ मारा गया। इसके बाद उनके चेहरे पर चोट और एक आंख में लालिमा की तस्वीरें और वीडियो भी परिजनों को उपलब्ध कराए गए।
मामला सामने आने के बाद परिवार ने ई-मेल के जरिए BHU के कुलपति, IMS निदेशक और चिकित्सा अधीक्षक से शिकायत की। परिजनों ने प्रो. लहरी की मेडिकल जांच कराने और जरूरत पड़ने पर पुलिस कार्रवाई की बात भी कही है।
BHU ने मेडिकल बोर्ड बनाया, प्रशासन ने ICU में जाकर देखा
शिकायत मिलने के बाद BHU प्रशासन ने मामले का संज्ञान लिया और मेडिकल बोर्ड गठित कर दिया। IMS निदेशक और चिकित्सा अधीक्षक ने ICU पहुंचकर प्रो. लहरी (Prof. T.K. Lahiri) का हाल जाना। बोर्ड के सदस्य भी ICU में जाकर जांच कर चुके हैं और जल्द अपनी रिपोर्ट दे सकते हैं।
हालांकि, BHU अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक प्रो. पुनीत कुमार ने कहा कि प्रारंभिक तौर पर पिटाई के आरोप सही नहीं लग रहे हैं। उनका कहना है कि डॉ. अरविंद पांडेय ही लगातार प्रो. लहरी की सेवा कर रहे हैं। वहीं, डॉ. अरविंद पांडेय का पक्ष जानने के लिए फोन और मैसेज के जरिए संपर्क किया गया, लेकिन जवाब नहीं मिला।
2003 में रिटायर हुए, फिर भी मरीजों की सेवा करते रहे
Prof. T.K. Lahiri का BHU से पुराना और गहरा जुड़ाव रहा है। कोलकाता में 3 जनवरी 1941 को जन्मे डॉ. लहरी 2003 में IMS-BHU से सेवानिवृत्त हुए थे। इसके बाद भी वह लंबे समय तक घर से पैदल सुपरस्पेशियलिटी ब्लॉक की OPD में जाकर मरीजों को देखते रहे।
मरीजों की सेवा और समर्पण के लिए उन्हें 2006 में पद्मश्री (Padma Shri) से सम्मानित किया गया था। बताया जाता है कि वह अपनी पेंशन का बड़ा हिस्सा संस्थानों को दान कर देते हैं और किसी से आर्थिक मदद लेना पसंद नहीं करते।
फिलहाल प्रो. लहरी (Prof. T.K. Lahiri) पिछले आठ महीने से ICU में भर्ती हैं और डॉक्टरों की टीम उनका इलाज कर रही है। BHU प्रशासन की जांच रिपोर्ट के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि ICU में उनके साथ वास्तव में क्या हुआ था।
Also Read: Bulandshahr News: पत्नी की पिटाई के आरोप में पूर्व विधायक गुड्डू पंडित पर FIR

