सागर में जहरीली शराब से 11 लोगों की मौत, 6 दुकानें सील
Sandesh Wahak Digital Desk: मध्य प्रदेश के सागर जिले के बंडा ब्लॉक स्थित ग्राम नौराज और गूगरा खुर्द में जहरीली शराब पीने से 11 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया। शनिवार और रविवार की दरमियानी रात हुई इस दुखद घटना के बाद सागर कमिश्नर, आईजी, कलेक्टर प्रतिभा पाल और एसपी तुरंत मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने पीड़ित परिवारों से मुलाकात कर ढांढस बंधाया और अस्पताल में भर्ती मरीजों के इलाज की व्यवस्था का जायजा लिया।
प्रशासन ने लोगों से की जांच कराने की अपील
घटना के तुरंत बाद प्रशासन ने एहतियाती कदम उठाते हुए क्षेत्र की 6 मदिरा दुकानों को सील कर दिया है और शराब के नमूनों को सैंपलिंग के लिए भेज दिया है। कलेक्टर प्रतिभा पाल ने बताया कि आसपास के गांवों में डॉक्टरों की टीम स्क्रीनिंग कर रही है। उन्होंने अपील की है कि जिन भी लोगों ने पिछले 24-48 घंटों में शराब का सेवन किया है या जिन्हें उल्टी, सिरदर्द या बुखार जैसे लक्षण महसूस हो रहे हैं, वे तुरंत निकटतम स्वास्थ्य केंद्र या सिविल अस्पताल पहुंचकर अपनी जांच कराएं।
दोषियों पर होगी कठोरतम कार्रवाई: सीएम मोहन यादव
सागर की इस हृदयविदारक घटना पर मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने संज्ञान लिया है। सीएम ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि इस लापरवाही और अवैध कारोबार में शामिल दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी और ऐसी घटनाएं प्रदेश में कतई बर्दाश्त नहीं की जाएंगी। पुलिस और आबकारी विभाग मामले की जांच में जुट गए हैं।
Also Read: मुठभेड़ में 5 हजार का इनामी बदमाश दानिश गोली लगने से घायल, चोरी की बाइक व तमंचा बरामद

