मुठभेड़ में 5 हजार का इनामी बदमाश दानिश गोली लगने से घायल, चोरी की बाइक व तमंचा बरामद
Meerut News: उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले में रेलवे रोड थाना पुलिस और सर्विलांस सेल की संयुक्त टीम की चेकिंग के दौरान बदमाश के साथ मुठभेड़ हो गई। जमानिया बाग तिराहे पर पुलिस टीम द्वारा रोके जाने पर बिना नंबर प्लेट की बाइक सवार बदमाश ने भागने का प्रयास किया और फिसलकर गिर पड़ा। खुद को घिरता देख उसने पुलिस पर फायरिंग कर दी, जिसके बाद पुलिस की जवाबी कार्रवाई में 34 वर्षीय बदमाश दानिश (निवासी मकबरा डिग्गी, मेरठ) के बाएं पैर में गोली लगी और उसे गिरफ्तार कर लिया गया। घायल आरोपी को इलाज के लिए पीएल शर्मा जिला चिकित्सालय भेजा गया है।
पुलिस ने आरोपी दानिश के कब्जे से .315 बोर का तमंचा, एक जिंदा व एक खोखा कारतूस और काले रंग की KTM बाइक बरामद की है। जांच में सामने आया कि यह बाइक दिल्ली के सराय रोहिल्ला थाना क्षेत्र से चोरी की गई थी और आरोपी रेलवे स्टेशन से आने वाले यात्रियों से लूटपाट करने की फिराक में था।
चार राज्यों में दर्ज हैं 19 मुकदमे, जयपुर से था वांछित
पुलिस के अनुसार, दानिश राजस्थान के जयपुर में दर्ज एक मामले में वांछित चल रहा था, जिस पर 5,000 रुपये का इनाम घोषित था। शातिर आरोपी के खिलाफ उत्तर प्रदेश, दिल्ली, राजस्थान और मध्य प्रदेश में चोरी, लूट, मारपीट व अवैध हथियारों से जुड़े कुल 19 आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस अब उसके खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।
Also Read: सहारनपुर कलेक्ट्रेट में अवैध मस्जिद का मलबा हटने पर मिला 20 फीट गहरा कुआं, ASI करेगी जांच

