ईरान ने आर्थिक समस्याओं से निपटने के लिए बनाया आर्थिक युद्ध टास्क फोर्स
Sandesh Wahak Digital Desk: अमेरिका द्वारा ईरान की अर्थव्यवस्था को अलग-थलग और कमजोर करने के उद्देश्य से शुरू किए गए ऑपरेशन इकोनॉमिक आउटकास्ट के जवाब में तेहरान ने भी अपनी रणनीति तैयार कर ली है। युद्ध जैसे मौजूदा हालात और कड़े प्रतिबंधों से पैदा हुए आर्थिक संकट से निपटने के लिए ईरान ने एक विशेष आर्थिक युद्ध टास्क फोर्स (इकोनॉमिक वॉर टास्क फोर्स) का गठन किया है। अर्ध-सरकारी समाचार एजेंसी तस्नीम के अनुसार, वित्त मंत्रालय के अंतर्गत बनाई गई इस टास्क फोर्स का मुख्य उद्देश्य देश के अर्थतंत्र पर पड़ रहे प्रतिकूल प्रभावों को नियंत्रित करना और आर्थिक समस्याओं का तेजी से समाधान निकालना है।
कारोबार और व्यापार से जुड़ी समस्याओं पर तुरंत होगी कार्रवाई
ईरान के उप-वित्त मंत्री मोर्तेजा जमानियन ने तस्नीम समाचार एजेंसी से बातचीत में बताया कि शुरुआती चरण में यह टास्क फोर्स वित्त मंत्रालय के अधिकार क्षेत्र में आने वाले विषयों पर ध्यान केंद्रित करेगी। इसका प्राथमिक काम यह सुनिश्चित करना होगा कि युद्ध और प्रतिबंधों के कारण कंपनियों, व्यापारिक गतिविधियों, फाइनेंस और अन्य संबंधित क्षेत्रों में जो रुकावटें आ रही हैं, उन पर मंत्रालय की क्षमता के दायरे में रहते हुए बिना किसी देरी के त्वरित कार्रवाई की जाए।
उप-वित्त मंत्री के अनुसार, कुछ जटिल मुद्दे ऐसे भी होते हैं जो सीधे तौर पर एक मंत्रालय के अधिकार क्षेत्र में नहीं आते। ऐसे मामलों के समाधान के लिए टास्क फोर्स देश की व्यापक आर्थिक नीति बनाने वाली शीर्ष संस्थाओं, जैसे सरकार के आर्थिक आयोग और आर्थिक मुख्यालय के साथ मिलकर काम करेगी। इसका मकसद विभिन्न अंतर-मंत्रालयी एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना है, ताकि फाइलों के अफसरशाही के फेर में अटकने के बजाय मामलों का सबसे उच्च स्तर पर तुरंत निपटारा किया जा सके।
गौरतलब है कि ईरान की अर्थव्यवस्था बीते कई दशकों से अंतरराष्ट्रीय प्रतिबंधों और हालिया संघर्षों के कारण पहले से ही भारी दबाव झेल रही है। तेहरान को वैश्विक स्तर पर पूरी तरह अलग-थलग करने के मकसद से अमेरिका ने हाल ही में उस पर नए और कड़े प्रतिबंध आयद किए हैं। ऐसे माहौल में ईरान की इस नई आर्थिक युद्ध टास्क फोर्स को देश की चरमराती अर्थव्यवस्था को संभालने और व्यापार जगत को राहत देने की दिशा में एक अहम रणनीतिक कदम माना जा रहा है।
Also Read: ‘इन तीन खिलाड़ियों को बख्श दो’, पाकिस्तान क्रिकेट में बदलाव पर बोले शोएब अख्तर

