SIR के बाद 6.15 करोड़ वोटर कम! 15.7% की गिरावट पर पूर्व CEC एसवाई कुरैशी बोले- ‘यह स्कैम है’

SIR Voter List: SIR (Special Intensive Revision) के तीसरे चरण के बाद 17 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों की ड्राफ्ट मतदाता सूची में लोकसभा चुनाव 2024 के मुकाबले करीब 15.7 फीसदी की कमी सामने आई है। चुनाव आयोग (ECI) के आंकड़ों के मुताबिक, इन राज्यों में 2024 के दौरान करीब 35.50 करोड़ मतदाता थे, जबकि ड्राफ्ट सूची में यह संख्या घटकर लगभग 29.93 करोड़ रह गई।

करीब 6.15 करोड़ नाम कम होने पर पूर्व मुख्य चुनाव आयुक्त एसवाई कुरैशी (SY Quraishi) ने SIR प्रक्रिया पर गंभीर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा, ‘मुझे व्यक्तिगत रूप से लगता है कि यह एक स्कैम है। लगभग 15 प्रतिशत आबादी के नाम एक कृत्रिम प्रक्रिया के जरिए मतदाता सूची से हटाना बेहद खतरनाक और दुर्भावनापूर्ण कदम है।’

महाराष्ट्र में सबसे ज्यादा नाम कम

ड्राफ्ट सूची के मुताबिक महाराष्ट्र में करीब 1.59 करोड़ मतदाताओं के नाम कम हुए हैं, जो कुल मतदाताओं का लगभग 17.08 फीसदी है। दिल्ली में प्रतिशत के लिहाज से सबसे बड़ी गिरावट 35.89 फीसदी, जबकि चंडीगढ़ में करीब 31.84 फीसदी रही।

आयोग के मुताबिक हटाए गए करीब 6.15 करोड़ नामों में लगभग 1.11 करोड़ मृत, जबकि करीब 4.52 करोड़ अनुपस्थित या एक से अधिक जगह पंजीकृत बताए गए हैं। करीब 3 लाख नाम अन्य कारणों से हटाए गए।

SY Quraishi ने मुस्लिम मतदाताओं को लेकर भी चिंता जताई। ओडिशा लिटरेरी फेस्टिवल में उन्होंने कहा कि SIR का इस्तेमाल मुसलमानों को ‘बांग्लादेशी घुसपैठिया’ बताकर मतदाता सूची से बाहर करने के लिए नहीं होना चाहिए। उन्होंने कहा कि वोट देना संविधान से मिला अधिकार है और इसकी रक्षा जरूरी है।

अंतिम सूची से पहले दावे-आपत्तियों का मौका

लोकसभा चुनाव के बाद SIR शुरू होने से पहले इन राज्यों में करीब 57.75 लाख नए मतदाता जुड़े थे। चुनाव आयोग का कहना है कि अभी जारी सूची अंतिम नहीं है। जिन लोगों के नाम हटे हैं, वे निर्धारित समय में दावे और आपत्तियां (Claims & Objections) दाखिल कर सकते हैं। जांच के बाद अंतिम सूची में बदलाव संभव है।

पूर्व चुनाव आयुक्त अशोक लवासा (Ashok Lavasa) ने भी SIR को लेकर पारदर्शिता और निष्पक्षता पर सवाल उठाते हुए कहा है कि कोई प्रक्रिया कानूनी हो सकती है, लेकिन जरूरी नहीं कि वह पूरी तरह निष्पक्ष भी हो।

Also Read: गंजेड़ी पायलट पर एयर इंडिया ने लिया एक्शन, AIB रिपोर्ट के बाद नौकरी से निकाला

Get real time updates directly on you device, subscribe now.