गंजेड़ी पायलट पर एयर इंडिया ने लिया एक्शन, AIB रिपोर्ट के बाद नौकरी से निकाला

Air India Turbulence Incident: फुकेत से नई दिल्ली आ रही एयर इंडिया की उड़ान में अचानक ऊंचाई में बदलाव और टर्बुलेंस (Turbulence) के मामले में कंपनी ने बड़ी कार्रवाई की है। एयर इंडिया ने फ्लाइट के पायलट-इन-कमांड (PIC) को नौकरी से बर्खास्त कर दिया है।

यह फैसला विमान दुर्घटना जांच ब्यूरो (AAIB) की प्राथमिक जांच रिपोर्ट सामने आने के बाद लिया गया। रिपोर्ट के मुताबिक, मुख्य पायलट की शुरुआती जांच और खून के नमूने की लैब टेस्टिंग में नशीली दवा के सेवन की पुष्टि हुई है। AAIB ने मामले में सख्त कार्रवाई की सिफारिश भी की थी।

तीनों हाइड्रोलिक सिस्टम फेल होने से बिगड़ी स्थिति

AAIB की रिपोर्ट में बताया गया कि एयर इंडिया की उड़ान संख्या AI 2379 में सबसे पहले ग्रीन हाइड्रोलिक सिस्टम फेल हुआ। इसके बाद ब्लू और येलो हाइड्रोलिक सिस्टम भी काम करना बंद कर गए। तीनों सिस्टम फेल होने के बाद विमान का ऑटोपायलट भी डिस्कनेक्ट हो गया।

इसके बाद को-पायलट ने विमान को संभालने की कोशिश की, लेकिन मुख्य पायलट ने नियंत्रण अपने हाथ में ले लिया। इसी दौरान विमान पहले करीब 372 फुट ऊपर उठा और फिर लगभग 292 फुट नीचे आया। अचानक हुए इस बदलाव से विमान के केबिन में नुकसान हुआ और यात्रियों को चोटें आईं।

24 लोग हुए थे घायल

इस घटना में कुल 24 लोग घायल हुए थे, जिनमें 20 यात्री और चार क्रू सदस्य शामिल थे। विमान में उस समय 137 यात्री और आठ क्रू सदस्य सवार थे, जिनमें तीन शिशु भी थे।

दिल्ली एयरपोर्ट पर विमान की लैंडिंग के बाद सभी घायलों को मेडिकल सहायता दी गई। 20 लोगों को प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी मिल गई, जबकि गंभीर चोट वाले चार लोगों को अधिक समय तक अस्पताल में रखा गया।

AAIB की जांच में केबिन के अंदर भी काफी नुकसान मिला। कई सीटों के हैंडरेस्ट, ओवरहेड लगेज बिन, टॉयलेट केबिन और सीलिंग को नुकसान पहुंचा था।

AAIB ने इस मामले की विस्तृत जांच अभी जारी रहने की बात कही है। साथ ही, जांच ब्यूरो ने DGCA को भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए जरूरी कदम उठाने की हिदायत दी है।

Also Read: बाइक वालों के लिए गडकरी का बड़ा ऑफर, टैक्सी चलाकर होगी कमाई, DL पर भी नया नियम

Get real time updates directly on you device, subscribe now.