दिल्ली-UP समेत कई राज्यों में बारिश का अलर्ट, पहाड़ी राज्यों में भी आफत
UP News: देश के कई हिस्सों में मॉनसून सक्रिय बना हुआ है। उत्तर प्रदेश और बिहार समेत कई राज्यों में बारिश का दौर जारी है, जबकि पहाड़ी इलाकों में भी लगातार हो रही बारिश से मुश्किलें बढ़ी हैं।
बारिश और तेज हवाओं के चलते कई इलाकों में तापमान में गिरावट दर्ज की गई है।
मौसम विभाग ने आज यानी 7 सितंबर को दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश समेत कई राज्यों में बारिश की संभावना जताई है।
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में आज आसमान में बादल छाए रह सकते हैं और कुछ इलाकों में मध्यम बारिश होने की संभावना है। हालांकि, दिल्ली के लिए भारी बारिश का कोई बड़ा अलर्ट नहीं है।
अधिकतम तापमान करीब 34 डिग्री और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।
यूपी-बिहार में बारिश के साथ आकाशीय बिजली का खतरा
उत्तर प्रदेश के कई जिलों में बारिश का सिलसिला जारी है। हरदोई, सीतापुर, बहराइच, गोंडा, श्रावस्ती, शाहजहांपुर, लखीमपुर खीरी, बरेली और पीलीभीत में तेज से मध्यम बारिश हो सकती है।
रामपुर, बदायूं, संभल और मुरादाबाद समेत आसपास के इलाकों में भी बारिश की संभावना है। कई जगहों पर गरज-चमक और आकाशीय बिजली को लेकर सावधानी बरतने की सलाह है।
बिहार के 13 जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है। झारखंड के 12 जिलों में भी आज आंधी और बारिश को लेकर चेतावनी दी गई है।
मध्य और पश्चिमी भारत में भी बारिश
पूर्वी राजस्थान, हरियाणा-चंडीगढ़ और पंजाब में बारिश की संभावना है। पश्चिमी मध्य प्रदेश में बारिश के साथ गरज-चमक हो सकती है।
पूर्वी मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और विदर्भ में आने वाले दिनों में बारिश की गतिविधियां बढ़ने का अनुमान है। वहीं कोंकण-गोवा में 12 सितंबर तक कई इलाकों में बारिश हो सकती है।
पूर्वोत्तर और पहाड़ी राज्यों में अलर्ट
उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में आज और आने वाले दिनों में भारी बारिश की संभावना है। ओडिशा में 9 से 12 सितंबर के बीच भारी बारिश का अनुमान है।
असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड और मणिपुर में भी बारिश का दौर जारी रह सकता है। तटीय कर्नाटक और केरल के कुछ हिस्सों में गरज के साथ बौछारें पड़ सकती हैं।
उत्तराखंड में आज और 10 से 12 सितंबर के बीच कई इलाकों में बारिश, तेज हवाओं और आकाशीय बिजली की संभावना है। हिमाचल प्रदेश में आज भारी बारिश हो सकती है।
मंडी, चंबा, ऊना, किन्नौर, कांगड़ा, कुल्लू, सोलन, बिलासपुर और हमीरपुर में बारिश और आंधी को लेकर अलर्ट है। जम्मू-कश्मीर के भी कई हिस्सों में भारी बारिश और तेज हवाओं की चेतावनी जारी की गई है।
Also Read: न बिकेगा ISRO, न खत्म होगा दबदबा! निजीकरण की अफवाह पर स्पेस एजेंसी ने साफ किया पूरा मामला

