‘6 साल जेल में रहा, तब भी…’, मराठी बोलने पर महाराष्ट्र सरकार के मंत्री को संजय दत्त का मजेदार जवाब
Bollywood News: मुंबई में एक कार्यक्रम के दौरान अभिनेता संजय दत्त और महाराष्ट्र के परिवहन मंत्री प्रताप सरनाईक के बीच मजेदार बातचीत देखने को मिली।
मंत्री ने संजय दत्त से मराठी में बोलने की अपील की, लेकिन अभिनेता ने अपने अंदाज में जवाब देते हुए मराठी बोलने की रिक्वेस्ट टाल दी। उनका जवाब सुनकर कार्यक्रम में मौजूद लोग हंस पड़े।
कार्यक्रम में प्रताप सरनाईक ने मराठी भाषा का जिक्र करते हुए कहा कि वह इन दिनों लोगों को मराठी सिखा रहे हैं। इसी दौरान उन्होंने संजय दत्त से भी मराठी में बोलने के लिए कहा।
इसके जवाब में संजय दत्त ने कहा, “प्रताप भाई, मैं 6 साल जेल में रहा, यरवदा में। तब भी मराठी नहीं सीख पाया। मैं थोड़ा सीखा था।” अभिनेता के इस जवाब पर कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने ठहाके लगाए।
संजय दत्त ने इसके बाद प्रताप सरनाईक का कार्यक्रम में बुलाने के लिए आभार जताया। उन्होंने दोनों के पुराने रिश्ते का जिक्र करते हुए कहा कि वे करीब 25 साल से एक-दूसरे को जानते हैं।
मराठी भाषा को लेकर महाराष्ट्र में चर्चा
महाराष्ट्र में इन दिनों मराठी भाषा को लेकर राजनीतिक और सामाजिक बहस चल रही है।
इसी बीच परिवहन विभाग से जुड़े एक फैसले में मुंबई में ऑटो चालकों के लिए कामकाज जारी रखने को लेकर मराठी के कुछ जरूरी वाक्यों की समझ से संबंधित प्रावधान सामने आया है।

इसी मुद्दे के बीच मंत्री प्रताप सरनाईक का संजय दत्त से मराठी बोलने का आग्रह भी चर्चा में आ गया।
सोशल मीडिया पर कुछ यूजर्स ने अभिनेता के बयान को लेकर अलग-अलग प्रतिक्रियाएं दी हैं। हालांकि, संजय दत्त का जवाब कार्यक्रम में मजाकिया अंदाज में दिया गया था।
सलमान खान के साथ भी नजर आए संजय दत्त
वर्कफ्रंट की बात करें तो संजय दत्त 2026 में रिलीज हुई अरबी फिल्म ‘7 Dogs’ में कैमियो करते नजर आए थे।
फिल्म में उन्होंने सलमान खान के साथ स्क्रीन शेयर की थी।
इससे पहले उनकी थिएट्रिकल रिलीज अभिजीत मोहन वारंग की पॉलिटिकल ड्रामा फिल्म ‘आखिरी सवाल’ थी।
इसमें नमाशी चक्रवर्ती, अमित साध, तृधा चौधरी और समीरा रेड्डी भी अहम भूमिकाओं में नजर आए।
Also Read: पहले वीकेंड में ही 100 करोड़ के करीब ‘मिर्जापुर: द मूवी’, तीसरे दिन छापे 36 करोड़

