डिप्टी CM आवास के बाहर ढाई घंटे खड़े रहे अभ्यर्थी, हाथ जोड़कर बोले- कब मिलेगी नौकरी
Lucknow News: लखनऊ में सोमवार को तेज बारिश के बीच 50 से ज्यादा अभ्यर्थियों ने डिप्टी सीएम बृजेश पाठक के आवास के बाहर प्रदर्शन किया। अलग-अलग जिलों से आए ये युवा लाइब्रेरियन के पदों पर भर्ती शुरू करने की मांग को लेकर पहुंचे थे। अभ्यर्थी सुबह करीब 7 बजे आवास के बाहर पहुंच गए और डिप्टी सीएम से मुलाकात की मांग को लेकर डटे रहे।
2016 के बाद नहीं हुई लाइब्रेरियन भर्ती
अभ्यर्थियों का कहना है कि प्रदेश में 2016 के बाद लाइब्रेरियन के पदों पर भर्ती नहीं हुई है। कई जगह लाइब्रेरी साइंस की डिग्री नहीं रखने वाले लोगों से काम कराया जा रहा है। दूसरी ओर, लाइब्रेरी साइंस की पढ़ाई और डिग्री पूरी कर चुके युवा नौकरी का इंतजार कर रहे हैं।
प्रदर्शनकारियों ने PET-2025 के आधार पर लाइब्रेरियन के पदों पर नई भर्ती निकालने की मांग की। इससे पहले भी वे UPSSSC मुख्यालय के बाहर प्रदर्शन कर चुके हैं।
डिप्टी CM के सामने हाथ जोड़कर बोले- सर, नौकरी चाहिए
बृजेश पाठक जब आवास से बाहर निकले तो अभ्यर्थी हाथ जोड़कर उनके सामने खड़े हो गए। कुछ युवाओं ने उनके पैर भी छुए। युवाओं ने कहा, “सर, नौकरी चाहिए।” उन्होंने बताया कि नौकरी की मांग को लेकर वे लगातार अधिकारियों के चक्कर लगा रहे हैं।
अभ्यर्थियों के मुताबिक, 25 अगस्त को भी वे बृजेश पाठक से मिले थे। तब डिप्टी सीएम ने UPSSSC अध्यक्ष से फोन पर बातचीत कराई थी, लेकिन उसका कोई नतीजा नहीं निकला।
प्रयागराज से आईं शुभम ने बताया कि 14 मई, 2 जून और 19 जून 2026 को भी पिकप भवन का घेराव किया गया था। अधिकारियों की ओर से बताया गया था कि लाइब्रेरियन के 362 पदों की अधियाचना मिल चुकी है। इसके बावजूद हर बार अगले महीने भर्ती निकालने की बात कहकर मामला टाल दिया जाता है।

