Bareilly News: रामगंगा नदी का बढ़ा जलस्तर, डीएम ने नाव से किया तटीय क्षेत्रों का निरीक्षण, अधिकारियों को अलर्ट रहने के निर्देश

Bareilly News: रामगंगा नदी के लगातार बढ़ते जलस्तर को देखते हुए जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने सोमवार को नाव से नदी और उसके आसपास के तटीय इलाकों का स्थलीय निरीक्षण किया।

इस दौरान उन्होंने जलस्तर, तटबंधों की स्थिति, कटान की आशंका वाले स्थानों और नदी के किनारे बसे गांवों का जायजा लिया। डीएम ने संबंधित अधिकारियों को पूरी सतर्कता के साथ राहत और बचाव की तैयारियां रखने के निर्देश दिए।

हर घंटे होगी जलस्तर की निगरानी

जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि रामगंगा नदी के जलस्तर की हर घंटे निगरानी की जाए और इसकी जानकारी तत्काल जिला आपदा नियंत्रण कक्ष को उपलब्ध कराई जाए।

उन्होंने कहा कि जलस्तर और मौसम में लगातार बदलाव को देखते हुए किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए।

निरीक्षण के दौरान तटबंधों की मजबूती और कटान की संभावित स्थिति का भी आकलन किया गया।

डीएम ने निर्देश दिया कि संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त निगरानी दल तैनात किए जाएं और कटान की आशंका वाले क्षेत्रों में तत्काल जरूरी सुरक्षात्मक कदम उठाए जाएं।

प्रभावित गांवों में अलर्ट, राहत सामग्री तैयार रखने के निर्देश

डीएम ने एसडीएम सदर और तहसीलदार सदर को संभावित प्रभावित गांवों की अपडेट सूची तैयार रखने तथा गांवों में लेखपाल और अन्य कर्मचारियों की ड्यूटी लगाने के निर्देश दिए।

ग्रामीणों को मुनादी और अन्य माध्यमों से लगातार सतर्क करने को कहा गया है। जरूरत पड़ने पर लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने की व्यवस्था भी पहले से तैयार रखने के निर्देश दिए गए।

Bareilly News

आपदा प्रबंधन विभाग को बाढ़ चौकियों को पूरी तरह सक्रिय रखने के साथ नाव, लाइफ जैकेट, रस्सियां, टॉर्च, राहत सामग्री, पेयजल, खाद्यान्न और प्राथमिक उपचार की पर्याप्त व्यवस्था रखने को कहा गया।

संभावित राहत शिविरों के लिए चिकित्सा टीम और जरूरी दवाएं उपलब्ध रखने के निर्देश भी दिए गए।

जिलाधिकारी ने राजस्व, सिंचाई, पुलिस, स्वास्थ्य, पशुपालन और ग्राम्य विकास विभागों को आपसी समन्वय के साथ काम करने को कहा।

उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि बढ़ते जलस्तर के दौरान नदी में न जाएं और बच्चों को नदी के किनारे जाने से रोकें। प्रशासन की ओर से जारी एडवाइजरी का पालन करने की भी अपील की गई।

निरीक्षण के दौरान एसडीएम सदर इशिता किशोर, तहसीलदार, नायब तहसीलदार समेत सिंचाई, राजस्व, आपदा प्रबंधन विभाग और ग्राम प्रधान सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

Also Read: Lucknow News: SGPGI में डॉक्टरों की बड़ी कामयाबी, दो मासूमों की जटिल कैंसर सर्जरी हुई सफल

Get real time updates directly on you device, subscribe now.