‘सड़क बनेगी तो धंसेगी, केशव मौर्य के बयान पर मचा बवाल, सपा बोली- भ्रष्टाचार को सामान्य बता रही सरकार

Keshav Prasad Maurya: प्रयागराज में राम वनगमन पथ की सड़क धंसने का मामला अब राजनीतिक विवाद बन गया है। प्रयागराज पहुंचे प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य से जब सड़क की स्थिति को लेकर सवाल किया गया तो उन्होंने कहा, “सड़क बनेगी तो धंसेगी, धंसेगी तो बनेगी, यह नॉर्मल है।”

केशव मौर्य ने कहा कि अगर बारिश ज्यादा होगी तो सड़क के साथ बड़े-बड़े पुल भी प्रभावित हो सकते हैं। उन्होंने नेपाल में आई बाढ़ का उदाहरण देते हुए कहा कि वहां पुल तक बह गए। हालांकि, उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि गुणवत्ता में कमी मिलने पर जांच कराई जाएगी और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई होगी। उन्होंने कहा कि धंसी हुई सड़क को ठीक कराया जाएगा।

सपा ने सरकार पर उठाए सवाल

उपमुख्यमंत्री के बयान पर समाजवादी पार्टी के प्रवक्ता दान बहादुर सिंह ने सरकार को घेरा। उन्होंने इसे शर्मनाक बताते हुए कहा कि सड़क धंसने को सामान्य बताना भ्रष्टाचार को सामान्य बनाने जैसा है। उन्होंने कहा कि यह जनता के टैक्स का पैसा है और जिम्मेदारी ठेकेदार, संबंधित अधिकारी-कर्मचारी और सरकार की बनती है।

दान बहादुर सिंह ने आरोप लगाया कि राम के नाम पर बन रही परियोजना में भ्रष्टाचार हुआ है। उन्होंने कहा कि केशव मौर्य पहले PWD मंत्री भी रहे हैं और उनके कार्यकाल में एक्सप्रेस-वे, पानी की टंकियों और हर घर जल योजना के निर्माण पर भी सवाल उठे हैं। सपा प्रवक्ता ने दावा किया कि सरकार जवाबदेही से बच रही है और जनता चुनाव में इसका जवाब देगी।

4,400 करोड़ की है परियोजना

राम वनगमन पथ परियोजना के तहत अयोध्या से चित्रकूट तक करीब 210 किलोमीटर लंबी फोरलेन सड़क बनाई जा रही है। इस पर करीब 4,400 करोड़ रुपये खर्च होने हैं। मार्ग अयोध्या, सुल्तानपुर, प्रतापगढ़, शृंगवेरपुर धाम, कौशांबी और चित्रकूट को जोड़ेगा।

परियोजना का शिलान्यास 2022 में हुआ था और इसे दिसंबर 2024 तक पूरा होना था। करीब डेढ़ साल की देरी के बाद अब यह लगभग तैयार है। जल्द ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के हाथों इसके उद्घाटन की बात कही जा रही है। परियोजना पूरी होने से अयोध्या, प्रयागराज और चित्रकूट जाने वाले श्रद्धालुओं की यात्रा आसान होने की उम्मीद है।

Get real time updates directly on you device, subscribe now.