4 साल की मासूम से दुष्कर्म का आरोपी मुठभेड़ में गिरफ्तार, पैर में लगी गोली

Lakhimpur Kheri News: लखीमपुर खीरी के सिंगाही में चार वर्षीय बच्ची से दुष्कर्म के मामले में आरोपी 65 वर्षीय खलील अहमद को पुलिस ने सोमवार रात मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी के बाएं पैर में गोली लगी। इसके बाद उसे इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया। आरोपी रविवार को मेडिकल परीक्षण के लिए ले जाते समय पुलिस अभिरक्षा से फरार हो गया था।

पुलिस के मुताबिक, सिंगहा कलां निवासी खलील अहमद को मेडिकल के लिए पुलिस वाहन से ले जाया जा रहा था। रास्ते में उसने पेशाब करने के बहाने वाहन रुकवाया। मौका मिलते ही उसने पुलिसकर्मी को धक्का दिया और जंगल की तरफ भाग गया। झाड़ियों और गन्ने के खेतों का फायदा उठाकर वह पुलिस की पकड़ से निकल गया।

तीन टीमें तलाश में जुटीं

घटना के बाद निघासन कोतवाली में पुलिस अभिरक्षा से फरार होने का मुकदमा दर्ज किया गया। आरोपी की तलाश में सिंगाही पुलिस समेत तीन टीमें लगाई गईं। पुलिस ने संभावित ठिकानों पर दबिश देने के साथ जंगल और आसपास के इलाकों में कांबिंग की।

रोकने पर फायरिंग का आरोप

सोमवार रात सिंगाही पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम सिंगहा मोड़-बगिया मार्ग के पास चेकिंग और कांबिंग कर रही थी। इसी दौरान खलील अहमद दिखाई दिया। पुलिस का दावा है कि रोकने पर आरोपी ने तमंचे से टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में उसके बाएं पैर में गोली लगी और उसे गिरफ्तार कर लिया गया।पुलिस ने आरोपी के पास से तमंचा, एक जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस बरामद करने का दावा किया है।

रिपोर्ट-विनय मिश्रा

Get real time updates directly on you device, subscribe now.