कचरा फेंकने गए मणिपुरी संगीतकार को शोर पर टोकना पड़ा भारी, पीट-पीटकर ले ली गई जान
Delhi News: दिल्ली के किलोकरी गांव में 54 वर्षीय मणिपुरी संगीतकार और शिक्षक चोंगथम विक्रम सिंह की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। घटना रविवार रात करीब 11:30 बजे की है। आरोप है कि घर के बाहर हो रहे शोर का विरोध करने पर आठ लोगों का समूह उनका पीछा करते हुए तीसरी मंजिल तक पहुंच गया। वहां कॉरिडोर में विक्रम सिंह पर हमला किया गया।
मणिपुरी सामाजिक कार्यकर्ता बी. रुचिदा शर्मा के मुताबिक, विक्रम सिंह कूड़ा फेंकने के लिए फ्लैट से नीचे आए थे। इस दौरान उन्होंने पास के दो ढाबों से जुड़े कुछ कर्मचारियों के शोर पर आपत्ति जताई। इसी बात को लेकर बहस हुई और बाद में विवाद बढ़ गया।
अस्पताल में तोड़ा दम, 7 गिरफ्तार
दक्षिण-पूर्वी दिल्ली के डीसीपी विनीत कुमार के अनुसार, पुलिस को सोमवार तड़के 1:38 बजे हमले की सूचना मिली। उनका 20 वर्षीय बेटा याइफाबा उन्हें ओखला के एक निजी अस्पताल ले गया। करीब सुबह 7 बजे इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
पुलिस ने मामले में भारत कुमार (19), प्रमोद (26), रमजान खान (22), विजय (36), दीपांशु (21), मोहन विश्वकर्मा (32) और मन्नू (26) को गिरफ्तार किया है। एक 15 वर्षीय किशोर को भी पकड़ा गया है। पुलिस के अनुसार, आरोपियों में चार ढाबों में डिलीवरी, दो पैकेजिंग और मन्नू पिज्जा कियोस्क में काम करता था।
CCTV में दिखे 8 लोग, कैंडल मार्च
पुलिस ने CCTV, तकनीकी निगरानी और स्थानीय जानकारी के आधार पर आरोपियों की पहचान की। पूर्व मणिपुर मुख्यमंत्री एन बीरेन सिंह ने भी CCTV फुटेज साझा कर जांच की मांग की।
मामले में BNS की धारा 103(2) और 3(5) के तहत केस दर्ज हुआ है। कांग्रेस सांसद पवन खेड़ा और गौरव गोगोई ने भी घटना पर प्रतिक्रिया दी। सोमवार शाम करीब 100 लोगों ने कैंडल मार्च निकालकर न्याय की मांग की।
विक्रम सिंह पिछले 17 वर्षों से दिल्ली में संगीत सिखा रहे थे और मणिपुर में गिटारवादक व संगीत शिक्षक के रूप में जाने जाते थे।
Also Read: टीम इंडिया से बाहर, BCCI कॉन्ट्रैक्ट भी गया… फिर कप्तानी ने बदली ईशान किशन की किस्मत

