बुलंदशहर में छात्रा के साथ 8 दिन तक दुष्कर्म, परिजनों का आरोप- पुलिस ने नहीं लिखी रिपोर्ट
Bulandshahr News: बुलंदशहर के खुर्जा नगर क्षेत्र में 12वीं की नाबालिग छात्रा के अपहरण और आठ दिनों तक दुष्कर्म का मामला सामने आया है। पीड़िता के परिजनों ने पुलिस पर शिकायत के बावजूद कार्रवाई नहीं करने का आरोप लगाया है। सोमवार को छात्रा अपनी मां और परिजनों के साथ पुलिस अधीक्षक नगर कार्यालय पहुंची और न्याय की गुहार लगाई।
पीड़िता की मां के मुताबिक, उसकी बेटी नगर के एक इंटर कॉलेज में कक्षा 12 में पढ़ती है। पड़ोस में रहने वाला एक युवक भी उसी कॉलेज में इंटरमीडिएट का छात्र है। आरोप है कि 28 अगस्त को युवक किशोरी को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया। परिवार ने काफी तलाश की, लेकिन उसका पता नहीं चला।
आठ दिन तक अलग-अलग जगह ले जाने का आरोप
मां का आरोप है कि बेटी के लापता होने की शिकायत लेकर वह खुर्जा नगर थाने पहुंची थी, लेकिन पुलिस ने बदनामी का हवाला देकर कोई कार्रवाई नहीं की। इसके बाद 4 सितंबर को आरोपी किशोरी को उसके घर के पास छोड़कर फरार हो गया।
घर पहुंची किशोरी ने परिजनों को बताया कि आरोपी उसे अलग-अलग जगहों पर ले गया और आठ दिनों तक उसके साथ दुष्कर्म किया। उसने किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी भी दी थी। परिजनों का कहना है कि दोबारा थाने जाने पर भी उन्हें कथित तौर पर बदनामी का हवाला देकर लौटा दिया गया।
गोरखपुर में महिला की हत्या के मामले में गिरफ्तारी
उधर, गोरखपुर के झंगहा क्षेत्र में 3 सितंबर को महिला की हत्या कर शव फेंके जाने के मामले में पुलिस ने रेलवे के प्वाइंट्स मैन अभय कुमार तिवारी को गिरफ्तार किया है। देवरिया निवासी अभय पर महिला से जबरन संबंध बनाने का आरोप है। पुलिस के मुताबिक, विरोध के दौरान हाथापाई हुई और धक्का देने से सिर में चोट लगने पर महिला की मौत हो गई। 72 घंटे बाद भी शव की पहचान नहीं हुई थी। पोस्टमार्टम में हत्या की पुष्टि के बाद कार्रवाई जारी है।
Also Read: लखनऊ में सफाई कर्मचारियों ने काम रोका, नगर निगम मुख्यालय पर प्रदर्शन, LSA पर मनमानी का आरोप

