ब्रिक्स से पहले मोदी-पुतिन की दिल्ली में होगी अहम मुलाकात, व्यापार और युद्ध समेत कई मुद्दों पर चर्चा
PM Modi Putin Meeting: नई दिल्ली में 12-13 सितंबर को होने वाले 18वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के बीच 11 सितंबर को अहम द्विपक्षीय बैठक होगी। क्रेमलिन के प्रवक्ता दमित्री पेसकोव ने बैठक की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि रूस भारत के साथ अपने रणनीतिक संबंधों को बेहद महत्वपूर्ण मानता है।
पेसकोव ने दोनों देशों के बीच बढ़ते कारोबारी रिश्तों का भी जिक्र किया। उनके मुताबिक भारत और रूस के बीच ज्यादातर व्यापारिक भुगतान अब रुपये और रूबल जैसी राष्ट्रीय मुद्राओं में हो रहे हैं। दोनों देश सुरक्षा, स्पेस, ऊर्जा, परिवहन और विज्ञान एवं तकनीक समेत कई क्षेत्रों में सहयोग कर रहे हैं।
युद्ध और खाड़ी तनाव पर भी बातचीत
सूत्रों के अनुसार, मोदी और पुतिन की बैठक में कई वैश्विक और द्विपक्षीय मुद्दों पर चर्चा होगी। भारतीय कंपनियां रूसी बाजार में कारोबार बढ़ाना चाहती हैं। वहीं रूस भी भारत में अपने उत्पादों और कारोबार का विस्तार करने में रुचि रखता है।
बैठक में जारी सैन्य संघर्ष और मोर्चे की मौजूदा स्थिति पर भी बातचीत की उम्मीद है। इसके अलावा खाड़ी क्षेत्र में बढ़ते तनाव और उसके वैश्विक अर्थव्यवस्था पर पड़ रहे असर पर चर्चा हो सकती है। रूस का मानना है कि इन घटनाक्रमों से ऊर्जा आपूर्ति व्यवस्था भी प्रभावित हो रही है।
परिवहन और ब्रिक्स पर भारत का फोकस
दोनों देश अंतरराष्ट्रीय परिवहन कॉरिडोर और लॉजिस्टिक्स परियोजनाओं में सहयोग बढ़ाने पर भी जोर दे सकते हैं। भारत मंडपम में होने वाला ब्रिक्स सम्मेलन भारत की रणनीतिक भूमिका और ग्लोबल साउथ की आवाज को मजबूत करने के लिहाज से अहम है। पुतिन के अलावा चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग समेत कई नेताओं के साथ पीएम मोदी की द्विपक्षीय बैठकें होने की संभावना है।

