मुजफ्फरनगर एसएसपी का सख्त ऐक्शन, लापरवाही पर 14 पुलिसकर्मियों को किया सस्पेंड

Muzaffarnagar News: उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिले में पुलिस महकमे की बड़ी लापरवाही सामने आने के बाद वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) संजय कुमार वर्मा ने देर रात कड़ा रुख अपनाया है। सपा सांसद हरेंद्र मलिक को हाउस अरेस्ट किए जाने के बावजूद उनके पुलिस को चकमा देकर सहारनपुर पहुँचने और मुजफ्फरनगर शहर में वर्ष 2013 के दंगों के विवादित पोस्टर चस्पा होने के मामले में कुल 14 पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित (सस्पेंड) कर दिया गया है। गाज गिरने वालों में 4 उपनिरीक्षक (दरोगा), एलआईयू के 1 दरोगा और 9 सिपाही शामिल हैं।

2013 के दंगों की बरसी पर लगे अखिलेश यादव की फोटो वाले पोस्टर

सोमवार को वर्ष 2013 के मुजफ्फरनगर दंगों की 13वीं बरसी के मौके पर शहर के रोडवेज बस स्टैंड और कई प्रमुख चौराहों पर पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव की तस्वीर वाले पोस्टर लगा दिए गए। पोस्टरों पर ‘न भूले थे, न भूले हैं, न भूलेंगे’ लिखा हुआ था। अचानक सार्वजनिक स्थानों पर पोस्टर चस्पा होने से पुलिस-प्रशासन में खलबली मच गई। पुलिस ने तुरंत पोस्टर हटवाए और सीसीटीवी फुटेज खंगाले।

जांच में पता चला कि रविवार रात बस में सवार होकर आए कुछ युवकों ने शहर में घूम-घूमकर पोस्टर चस्पा किए और फरार हो गए। क्षेत्र में गश्त और एलआईयू की विफलता पर एसएसपी ने सिविल लाइन थाने के दरोगा पंकज कुमार व मुकुल कुशवाहा, एलआईयू दरोगा राजकुमार और पांच कांस्टेबलों (महेंद्र प्रताप, विवेक कुमार, विशाल, मोनू व अमित शर्मा) को सस्पेंड कर दिया।

हाउस अरेस्ट चकमा देकर सहारनपुर पहुंचे सपा सांसद हरेंद्र मलिक

सहारनपुर में हाल ही में हुए मस्जिद ध्वस्तीकरण मामले को लेकर समाजवादी पार्टी ने विरोध दर्ज कराने और अधिकारियों से मुलाकात के लिए प्रतिनिधिमंडल भेजने का ऐलान किया था। विरोध प्रदर्शन रोकने के लिए पुलिस ने सपा सांसद हरेंद्र मलिक को उनके मुजफ्फरनगर स्थित आवास पर ही तड़के हाउस अरेस्ट कर दिया था। इसके बावजूद सांसद हरेंद्र मलिक मुजफ्फरनगर पुलिस को चकमा देकर सहारनपुर कलक्ट्रेट पहुँच गए। वहाँ उन्होंने ध्वस्त मस्जिद स्थल का निरीक्षण किया और प्रशासनिक अधिकारियों से मुलाकात की।

सुरक्षा घेरा तोड़कर सांसद के निकलने पर शहर कोतवाली के दरोगा नितिन कुमार व यशपाल सिंह समेत 4 सिपाहियों (नदीम, निशांत कुमार, दीपक गौतम व दिनेश कुमार) को निलंबित कर दिया गया। एसएसपी संजय कुमार वर्मा ने इस पूरी घटना को ड्यूटी में घोर लापरवाही माना है। उन्होंने पूरे मामले की विस्तृत जांच एसपी सिटी को सौंपी है। एसएसपी के इस कड़े फैसले से पूरे पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है।

Also Read: ब्रिक्स से पहले मोदी-पुतिन की दिल्ली में होगी अहम मुलाकात, व्यापार और युद्ध समेत कई मुद्दों पर चर्चा

Get real time updates directly on you device, subscribe now.