UP में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का मानदेय बढ़ा, 8 हजार से सीधे 12 हजार, सहायिकाओं को भी बड़ी राहत

UP Anganwadi Honorarium Hike: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (CM Yogi) ने मंगलवार को अयोध्या में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं के लिए बड़ी घोषणा की। राजकीय इंटर कॉलेज में आयोजित सम्मान समारोह में सीएम ने मानदेय बढ़ाने का ऐलान किया।

अब प्रदेश की आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को हर महीने 12 हजार रुपये मानदेय मिलेगा। उनका मौजूदा मानदेय 8 हजार रुपये था। इसी तरह सहायिकाओं का मानदेय भी 4 हजार से बढ़ाकर 6 हजार रुपये कर दिया गया है।

CM Yogi ने कहा कि प्रदेश सरकार आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं (Anganwadi Workers) और सहायिकाओं के लिए चार प्रमुख योजनाओं पर काम कर रही है। इनमें मानदेय बढ़ाना, 5 लाख रुपये तक कैशलेस इलाज की सुविधा, साड़ियों की संख्या बढ़ाना और स्मार्टफोन उपलब्ध कराना शामिल है।

2017 के बाद लगातार बढ़ा मानदेय

मुख्यमंत्री ने बताया कि वर्ष 2017 से पहले आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को सिर्फ 3 हजार रुपये मानदेय मिलता था। सरकार बनने के बाद इसे बढ़ाकर 8 हजार रुपये किया गया और अब इसे 12 हजार रुपये कर दिया गया है। सहायिकाओं का मानदेय भी बढ़ाकर 6 हजार रुपये किया गया है।

सरकार की ओर से अब तक 1.28 लाख स्मार्टफोन आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को दिए जा चुके हैं। सीएम ने कहा कि इससे उनके रोजमर्रा के काम को आसान बनाने में मदद मिली है।

साड़ियों को लेकर भी सरकार ने बदलाव किया है। पहले आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को दो साड़ियां दी जाती थीं, अब एक अतिरिक्त साड़ी दी जाएगी। इसके लिए 500 रुपये की राशि भी जोड़ी गई है।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं (UP Anganwadi Workers) और सहायिकाओं को नियुक्ति पत्र भी वितरित किए। समारोह में अंबेडकरनगर, अमेठी, बाराबंकी, सुल्तानपुर, बस्ती और गोंडा से करीब 12 हजार आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं को बुलाया गया था।

प्रदेश के सभी आंगनबाड़ी केंद्रों का होगा अपना भवन

सीएम योगी ने कहा कि प्रदेश के सभी आंगनबाड़ी केंद्रों का अपना भवन सुनिश्चित किया जाएगा। इसके लिए राज्य वित्त आयोग से मिलने वाली राशि का इस्तेमाल किया जाएगा। जरूरत पड़ने पर अलग से बजट की व्यवस्था करके भी भवन बनाए जाएंगे।

CM Yogi ने कहा कि बच्चों का बचपन व्यर्थ नहीं जाने दिया जाएगा। उनका बचपन सुरक्षित और स्वस्थ रहेगा तो आगे चलकर यही स्वस्थ बचपन समर्थ और स्वस्थ भारत की नींव बनेगा। उन्होंने आंगनबाड़ी केंद्रों को इस सोच का आधार बताया।

Also Read: NSA लगाने वाली DM मेधा रूपम पर हाईकोर्ट सख्त, 5 लाख का हर्जाना अफसरों की जेब से वसूलेगा कोर्ट

Get real time updates directly on you device, subscribe now.