सत्य निकेतन PG हादसे के बाद MCD का बड़ा एक्शन, 3 इंजीनियर सस्पेंड, 41 इमारतें ढहाईं

Satya Niketan PG Incident: दिल्ली के सत्य निकेतन में PG बिल्डिंग हादसे के बाद दिल्ली नगर निगम (MCD) का एक्शन लगातार जारी है। गुरुवार को निगम ने बिल्डिंग विभाग के एक असिस्टेंट इंजीनियर और दो जूनियर इंजीनियरों को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया।

निलंबित अधिकारियों में साउथ वेस्ट जोन के AE रविंदर कुमार तथा JE सुमन सौरभ और मोहित यादव शामिल हैं। MCD के मुताबिक, इन पर ड्यूटी में लापरवाही और अनधिकृत निर्माण के खिलाफ समय पर कार्रवाई नहीं करने का आरोप है।

41 इमारतें गिराईं, 61 सील

MCD ने बताया कि PG हादसे के बाद अब तक 41 इमारतों को गिराया जा चुका है, जबकि 61 अनधिकृत इमारतों को सील किया गया है। निगम ने कई अन्य संपत्तियों की भी पहचान की है, जिनके खिलाफ नियमों के तहत कार्रवाई की जाएगी।

इसके अलावा PG आवासीय भवनों का व्यापक फील्ड सर्वे जारी है। अब तक करीब 1,355 इमारतों में PG संचालित होने की जानकारी मिली है, जहां 27 हजार से अधिक लोग रह रहे हैं। MCD इनका डेटाबेस तैयार कर आगे की कार्रवाई की योजना बना रहा है।

पहले 5 अधिकारियों पर हो चुका है एक्शन

सत्य निकेतन में रविवार को PG बिल्डिंग गिरने (Satya Niketan Incident) से कम से कम 7 लोगों की मौत और 7 अन्य घायल हुए थे। इसके अगले दिन MCD ने साउथ जोन के डिप्टी कमिश्नर राकेश कुमार समेत 5 अधिकारियों को सस्पेंड किया था। अब तीन और इंजीनियरों पर कार्रवाई के बाद निगम ने साफ किया है कि अनधिकृत निर्माण के मामले में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

Also Read: जनगणना 2027: 16 नवंबर से खुद करें ऑनलाइन स्व-गणना, नागरिकता-जाति के लिए दस्तावेज की जरूरत नहीं

Get real time updates directly on you device, subscribe now.