Gorakhpur News: बच्चे के चढ़ने से पहले ही ड्राइवर ने चलाई बस, 5 साल के मासूम की कुचलकर मौत
Gorakhpur News: उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले से शनिवार सुबह एक हृदयविदारक घटना सामने आई है। पिपराइच थाना क्षेत्र के नइयापार गांव में स्कूल बस के चालक की घोर लापरवाही के कारण एक 5 साल के मासूम बच्चे की बस के नीचे कुचलने से दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने चालक को पकड़कर उसकी जमकर पिटाई कर दी और बस में तोड़फोड़ की। मौके पर पहुंची पुलिस ने किसी तरह स्थिति को संभाला और चालक को हिरासत में ले लिया।
नइयापार निवासी हरिकेश का 5 वर्षीय बेटा हिमांशु ‘एचडी पब्लिक स्कूल, अराजी चौरी’ का छात्र था। वह अपने माता-पिता का इकलौता बेटा और घर का चिराग था। रोज की तरह शनिवार सुबह भी वह अपनी यूनिफॉर्म पहनकर स्कूल जाने के लिए घर के बाहर बस का इंतजार कर रहा था। सुबह करीब सवा आठ बजे जब स्कूल बस घर के पास पहुंची, तो बस में चढ़ने के लिए तीन बच्चे कतार में खड़े थे।
दो बच्चे सुरक्षित बस के भीतर चढ़ चुके थे, लेकिन जैसे ही तीसरे बच्चे के रूप में हिमांशु ने बस पर चढ़ने का प्रयास किया, ड्राइवर ने बिना ध्यान दिए अचानक गाड़ी आगे बढ़ा दी। हिमांशु का संतुलन बिगड़ गया और वह सीधे भारी-भरकम पहिए के नीचे आ गया। हादसे में मौके पर ही उसकी जान चली गई।
अपनी आंखों के सामने मासूम की दर्दनाक मौत देखते ही परिजनों और स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया। उग्र भीड़ ने आरोपी बस चालक को मौके पर ही दबोच लिया और उसकी पिटाई शुरू कर दी। सूचना मिलते ही पिपराइच पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची और भीड़ के चंगुल से ड्राइवर को बचाकर हिरासत में लिया।
मासूम हिमांशु की एक 9 महीने की छोटी बहन भी है। इकलौते बेटे की असमय मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में व्याप्त तनाव को देखते हुए मौके पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की कानूनी जांच शुरू कर दी है।

