वैभव सूर्यवंशी का नाम लेकर वसीम अकरम ने PCB को घेरा, PSL पर उठाए सवाल
Sports News: पाकिस्तान के पूर्व कप्तान वसीम अकरम ने पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) और पाकिस्तान सुपर लीग (PSL) के जरिए युवा प्रतिभाओं को तैयार करने के सिस्टम पर सवाल उठाए हैं।
लाहौर में मीडिया से बातचीत के दौरान अकरम ने भारतीय युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी का उदाहरण देते हुए पूछा कि 10 साल पूरे करने के बावजूद PSL पाकिस्तान को वैसा बल्लेबाजी टैलेंट क्यों नहीं दे सकी, जैसा IPL ने भारत को दिया है।
PSL ने दिए गेंदबाज, लेकिन बल्लेबाजी में कमी
वसीम अकरम ने कहा कि PSL से पाकिस्तान को कई अच्छे गेंदबाज जरूर मिले हैं, लेकिन एक दशक पूरा होने के बाद भी ऐसा बल्लेबाज सामने नहीं आया, जो लंबे समय तक राष्ट्रीय टीम की सेवा कर सके।
उन्होंने कहा कि पाकिस्तान को ऐसे युवा बल्लेबाज तैयार करने की जरूरत है, जो कम उम्र में अपनी प्रतिभा दिखाएं और आगे चलकर इंटरनेशनल क्रिकेट के लिए तैयार हो सकें।

अकरम ने अपनी बात समझाने के लिए वैभव सूर्यवंशी का उदाहरण दिया। कम उम्र में ही वैभव ने आक्रामक बल्लेबाजी से पहचान बनाई है और बड़े गेंदबाजों के खिलाफ बेखौफ प्रदर्शन कर चुके हैं।
वैभव की उम्र बताने में हुई गलती
बातचीत के दौरान वसीम अकरम ने वैभव को 14 साल का बताया, जबकि भारतीय बल्लेबाज अब 15 वर्ष के हैं।
हालांकि, उनकी टिप्पणी का मुख्य मुद्दा युवा बल्लेबाजी प्रतिभा को तैयार करने का था।
अकरम ने यह भी कहा कि पाकिस्तान में टैलेंट विकसित करने के लिए केवल PSL पर निर्भर रहना पर्याप्त नहीं है। उनके मुताबिक क्लब क्रिकेट को मजबूत करना जरूरी है, क्योंकि बड़ी संख्या में खिलाड़ी इसी स्तर से आगे बढ़ते हैं।
उन्होंने कराची और लाहौर में क्लब क्रिकेट के लिए PSL से 100-100 मिलियन पाकिस्तानी रुपये खर्च करने का सुझाव दिया।
अकरम का मानना है कि खासतौर पर रेड बॉल क्रिकेट में सुधार के लिए पाकिस्तान को अपनी क्लब क्रिकेट व्यवस्था को फिर से मजबूत करना होगा।

