कैंसर मरीजों के लिए बड़ी राहत, 543 दवा ब्रांडों के दाम में कटौती, कुछ कीमतें 90% से ज्यादा घटीं
Cancer Medicine Price Cut: कैंसर के इलाज पर होने वाला खर्च कम करने के लिए केंद्र सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। नेशनल फार्मास्युटिकल प्राइसिंग अथॉरिटी (NPPA) ने कैंसर की 543 दवा ब्रांडों की संशोधित अधिकतम खुदरा कीमतों (MRP) की सूची जारी की है। नई कीमतें 9 नवंबर 2026 से लागू होंगी। कुछ दवाओं के दाम 90 फीसदी से भी ज्यादा घटे हैं, हालांकि सभी कैंसर दवाओं की कीमतों में इतनी बड़ी कटौती नहीं हुई है।
यह फैसला 137 गैर-अनुसूचित एंटी-कैंसर दवाओं पर ट्रेड मार्जिन (Trade Margin) 30 फीसदी तक सीमित करने के बाद लिया गया है। सरकार का उद्देश्य दवाओं की बिक्री में अत्यधिक मार्जिन को नियंत्रित करना और मरीजों को कम कीमत पर जरूरी दवाएं उपलब्ध कराना है।
Cancer की किन दवाओं के कितने घटे दाम?
NPPA की ओर से जारी सूची में कई प्रमुख कैंसर दवाओं की पुरानी और नई कीमतें दी गई हैं। इनमें कुछ दवाओं के दाम में बड़ी कटौती हुई है।
1. Anastrozole, ब्रांड Anazol
- पुरानी कीमत: ₹695.76
- नई कीमत: ₹73
- कंपनी: RPG Life Science Limited
2. Azacitidine, ब्रांड Azacitine
- पुरानी कीमत: ₹6,337
- नई कीमत: ₹1,495.04
- कंपनी: Dr. Reddy’s Laboratories Limited
3. Bevacizumab, ब्रांड Bevacizab
- पुरानी कीमत: ₹21,767.70
- नई कीमत: ₹5,930.13
- कंपनी: Abbott Healthcare Private Limited
4. Dasatinib, ब्रांड Dasnet 20
- पुरानी कीमत: ₹2,812.50
- नई कीमत: ₹1,085.93
- कंपनी: Natco Pharma Limited
5. Denosumab, ब्रांड Dubemab 60 mg
- पुरानी कीमत: ₹22,031.25
- नई कीमत: ₹5,941
- कंपनी: RPG Life Science Limited
6. Enzalutamide, ब्रांड Enuta
- पुरानी कीमत: ₹6,578.20
- नई कीमत: ₹2,232
- कंपनी: RPG Life Science Limited
7. Elatinib, ब्रांड Elib
- पुरानी कीमत: ₹4,637.45
- नई कीमत: ₹2,008
- कंपनी: Neon Laboratories Limited
8. Fulvestrant, ब्रांड Fulbrica
- पुरानी कीमत: ₹14,235
- नई कीमत: ₹2,432
- कंपनी: Hetero Healthcare Limited
9. Fulvestrant, ब्रांड Fulbrica
- पुरानी कीमत: ₹26,072.16
- नई कीमत: ₹5,491
- कंपनी: RPG Life Science Limited
कुछ दवाओं के दाम 90 फीसदी से ज्यादा घटे
NPPA की सूची के आधार पर कुछ जेनेरिक और बायोसिमिलर कैंसर दवाओं की कीमतों में 90 फीसदी से ज्यादा की कटौती (Cancer Medicine Price Cut) दर्ज की गई है। उदाहरण के तौर पर, Palbopro ब्रांड की Palbociclib 125 मिलीग्राम की 21 कैप्सूल वाली स्ट्रिप की कीमत ₹40,421.33 से घटाकर ₹2,720 कर दी गई है।
137 कैंसर दवाओं पर ट्रेड मार्जिन की सीमा
केंद्र सरकार ने 17 अक्टूबर 2026 को 137 गैर-अनुसूचित एंटी-कैंसर दवाओं पर ट्रेड मार्जिन 30 फीसदी तक सीमित करने का आदेश जारी किया था। इसके बाद दवा कंपनियों से नई कीमतों की जानकारी मांगी गई। NPPA ने 28 अक्टूबर को 543 ब्रांडों की संशोधित MRP सूची जारी की।
इन दवाओं में इम्यूनोथेरेपी की कुछ दवाएं भी शामिल हैं, जिनका इस्तेमाल 20 से अधिक प्रकार के कैंसर के इलाज में किया जाता है। इसके अलावा, डेनोसुमैब और पेगफिलग्रास्टिम जैसी दवाएं भी इस कदम के दायरे में आती हैं।
सरकार ने दवा कंपनियों को पर्याप्त उत्पादन और आपूर्ति बनाए रखने के निर्देश दिए हैं, ताकि कीमतें घटने के बाद दवाओं की उपलब्धता प्रभावित न हो।
सुप्रीम कोर्ट ने भी उठाए थे दवाओं की कीमतों पर सवाल
कैंसर की दवाओं की कीमतों में बड़े अंतर का मुद्दा सुप्रीम कोर्ट में भी उठा था। हालिया सुनवाई के दौरान एक मामले का उल्लेख किया गया, जिसमें डिस्ट्रीब्यूटर को करीब ₹11,000 में मिलने वाले कीमोथेरेपी इंजेक्शन के लिए एक निजी अस्पताल द्वारा मरीज से ₹1.30 लाख वसूलने की बात कही गई।
अदालत ने सवाल उठाया था कि दवा की खरीद कीमत और मरीज से वसूली जाने वाली रकम के बीच इतना बड़ा अंतर कैसे उचित ठहराया जा सकता है। इस मामले में कोर्ट ने इलाज के बढ़ते आर्थिक बोझ और दवाओं की कीमतों को नियंत्रित करने की व्यवस्था पर चिंता जताई थी।
नई कीमतें कहां चेक करें?
कैंसर की दवाओं की नई दरें 9 नवंबर 2026 से लागू होंगी। मरीज और उनके परिजन संबंधित दवा की संशोधित कीमत NPPA की आधिकारिक वेबसाइट या Pharma Sahi Daam ऐप पर देख सकते हैं।
Also Read: सुबह उठते ही क्यों होने लगता है सिरदर्द? जानें पानी की कमी से लेकर स्लीप एपनिया तक के कारण

