Lucknow News: मामूली विवाद में चाकू से हमला, बुजुर्ग की मौत, पोता गंभीर रूप से घायल

Lucknow News: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के मड़ियांव क्षेत्र में शनिवार को मामूली बात को लेकर विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। थाने के सामने फ्लाईओवर के नीचे एक कबाड़ी ने बाइक सवार दादा और पोते पर चाकू से हमला कर दिया। इस ताबड़तोड़ हमले में गंभीर रूप से घायल दादा की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि पोते की हालत नाजुक बनी हुई है।

बिजली का बिल जमा करने जा रहे थे दादा-पोता

भरतनगर के रहने वाले मदन बिहारी तिवारी अपने पोते संकल्प तिवारी के साथ बाइक से बिजली का बिल जमा करने के लिए निकले थे। जैसे ही वे मड़ियांव थाने के ठीक सामने फ्लाईओवर के नीचे पहुंचे, उनकी बाइक की भिड़ंत सड़क किनारे ठेला लगाने वाले एक कबाड़ी से हो गई। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई जो देखते ही देखते हिंसक हो गई।

पोते को बचाने आए दादा पर चाकू से ताबड़तोड़ वार

विवाद बढ़ने पर आरोपी कबाड़ी ने चाकू निकालकर संकल्प पर हमला बोल दिया। अपने पोते को बचाने के लिए बुजुर्ग मदन बिहारी तुरंत बीच-बचाव करने आगे आए। आरोप है कि सिरफिरे आरोपी ने उन पर भी चाकू से ताबड़तोड़ कई वार कर दिए। पेट और सीने में गंभीर चोटें लगने के कारण वे वहीं खून से लथपथ होकर गिर पड़े।

केजीएमयू ट्रॉमा सेंटर में इलाज के दौरान बुजुर्ग ने तोड़ा दम

दिनदहाड़े हुई इस वारदात से मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। जब तक आसपास के लोग और पुलिस मौके पर पहुंचते, आरोपी वारदात को अंजाम देकर फरार हो चुका था। आनन-फानन में दोनों घायलों को केजीएमयू (KGMU) ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान मदन बिहारी तिवारी ने दम तोड़ दिया। वहीं संकल्प की हालत चिंताजनक बनी हुई है और उसका इलाज जारी है।

आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। प्रत्यक्षदर्शियों और स्थानीय लोगों के अनुसार आरोपी की पहचान 40 वर्षीय राज कुमार उर्फ मलाई के रूप में हुई है। पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है और साक्ष्य जुटा रही है। परिजनों की तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर आरोपी को पकड़ने के लिए पुलिस की टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।

Also Read: ‘BRICS किसी के खिलाफ नहीं, UNSC में सुधार अब टल नहीं सकता’, शी जिनपिंग के सामने PM मोदी का बड़ा बयान

Get real time updates directly on you device, subscribe now.