लखनऊ में आम की लकड़ी ले जा रहे ठेकेदार ने डिप्टी रेंजर को पीटा, मुकदमा दर्ज

Lucknow News: लखनऊ के मलिहाबाद में आम के पेड़ों की लकड़ी ले जा रहे ठेकेदार और वन विभाग की टीम के बीच विवाद हो गया। आरोप है कि लकड़ी से लदी ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को रोककर पूछताछ करने पर ठेकेदार और उसके साथियों ने वन विभाग के अधिकारियों से मारपीट की। इस दौरान डिप्टी रेंजर दीपेन्द्र के जबड़े और उंगली में चोट आई। मामले में मलिहाबाद पुलिस ने नामजद ठेकेदार आर्यन सिंह समेत कई लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।

सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद पहुंची वन विभाग की टीम

बुधवार सुबह ग्राम बड़ीगढ़ी के पास ट्रैक्टर-ट्रॉलियों से आम की लकड़ी ले जाने का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। वीडियो का संज्ञान लेते हुए वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने वाहनों को रोककर लकड़ी के बारे में जानकारी लेने का प्रयास किया।

आरोप है कि इस दौरान ठेकेदार और उसके साथियों ने वन विभाग के अधिकारियों के साथ अभद्रता शुरू कर दी और फिर मारपीट की। घटना में डिप्टी रेंजर दीपेन्द्र घायल हो गए। उन्होंने मलिहाबाद थाने में शिकायत देकर सरकारी काम में बाधा डालने, मारपीट और अन्य आरोपों में कार्रवाई की मांग की।

डिप्टी रेंजर के जबड़े पर मुक्का मारने का आरोप

डिप्टी रेंजर की शिकायत के मुताबिक, ठेकेदार आर्यन सिंह और अनिल ने उनके साथ मारपीट की। आरोप है कि आर्यन सिंह और अनिल ने उनके जबड़े पर मुक्का मारा, जिससे उन्हें चोट लगी। हमले में उनकी उंगली भी घायल हो गई। शिकायत में वन दरोगा अमन वर्मा के साथ गाली-गलौज किए जाने का भी आरोप लगाया गया है।

तहरीर में यह भी कहा गया है कि विवाद के दौरान ठेकेदार और उसके साथी लकड़ी से लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली लेकर वहां से चले गए। वन विभाग के अधिकारियों ने सरकारी काम में बाधा डालने और मारपीट समेत अन्य आरोपों में पुलिस से कार्रवाई की मांग की।

नरौना बीट से लकड़ी लाकर सदरपुर की आरा मशीनों पर ले जाने का आरोप

मिली जानकारी के अनुसार, लकड़ी नरौना बीट से कटवाकर मलिहाबाद के सदरपुर इलाके में लगी आरा मशीनों पर ले जाई जा रही थी। रास्ते में बड़ीगढ़ी के पास वन विभाग की टीम ने लकड़ी से लदी ट्रॉली को रोकने का प्रयास किया, जिसके बाद विवाद हुआ।

स्थानीय स्तर पर लकड़ी के ठेकेदारों और वन विभाग तथा पुलिस के बीच कथित सांठगांठ को लेकर भी सवाल उठाए जा रहे हैं। हालांकि, अवैध कटान और अधिकारियों से मिलीभगत के इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।

मलिहाबाद पुलिस ने डिप्टी रेंजर की तहरीर पर नामजद ठेकेदार आर्यन सिंह समेत कई अन्य लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले की जांच की जा रही है। आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।

Also Read: आजम खां की जौहर यूनिवर्सिटी पर ED का एक्शन, 426 करोड़ की संपत्ति अटैच 

Get real time updates directly on you device, subscribe now.