रायबरेली में ग्राम प्रधान के बेटे की दिनदहाड़े हत्या, दहशत में बंद हुए घरों के दरवाजे

Raebareli News: रायबरेली के बछरावां थाना क्षेत्र के खैरहनी गांव में शनिवार दोपहर दूसरे गांव के ग्राम प्रधान के बेटे की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। वारदात के बाद हमलावर शव को सड़क पर छोड़कर फरार हो गए। दिनदहाड़े हुई हत्या से गांव में दहशत फैल गई। कई ग्रामीणों ने डर के कारण अपने घरों के दरवाजे बंद कर लिए।

कार से साथियों के साथ पहुंचा था युवक

हरचंदपुर थाना क्षेत्र के छतैय्या गांव निवासी रमाकांत (36) पुत्र गणेश प्रसाद शनिवार दोपहर करीब एक बजे कुछ साथियों के साथ कार से खैरहनी गांव आया था। बताया जा रहा है कि यहां कुछ युवकों से उसका विवाद हो गया। इसी दौरान एक पक्ष के लोगों ने रमाकांत को लाठी-डंडों से बुरी तरह पीटना शुरू कर दिया। गंभीर चोट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

घटना के बाद रमाकांत के साथ आए साथी कार छोड़कर भाग निकले। वहीं, हत्या करने वाले आरोपी भी मौके से फरार हो गए। हमलावरों की कार घटनास्थल पर ही छूट गई।

पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थानाध्यक्ष श्याम कुमार पाल ने बताया कि युवक की लाठी-डंडों से पीटकर हत्या की गई है। मामले की जांच की जा रही है। रिपोर्ट दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी की जाएगी। पुलिस उनकी तलाश में जुटी है।

प्रेम-प्रसंग में हत्या की चर्चा

प्रारंभिक जानकारी में मामला प्रेम-प्रसंग से जुड़ा बताया जा रहा है। चर्चा है कि रमाकांत का किसी लड़की से प्रेम-संबंध था और इसे लेकर पहले भी विवाद हो चुका था। आरोप है कि हमलावर उस पर नजर रखे हुए थे। हत्या की खबर घर पहुंचते ही परिवार में कोहराम मच गया। बुजुर्ग पिता का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस जांच के बाद ही हत्या की असली वजह साफ होगी।

Also Read: ‘BRICS किसी के खिलाफ नहीं, UNSC में सुधार अब टल नहीं सकता’, शी जिनपिंग के सामने PM मोदी का बड़ा बयान 

Get real time updates directly on you device, subscribe now.