विनीत मिनोचा हत्याकांड में बेटा भी गिरफ्तार, नौकर का दावा- सुब्रत ने करवाई पिता की हत्या
Vineet Minocha Murder Case: कानपुर के कारोबारी विनीत मिनोचा हत्याकांड की जांच में पुलिस ने बड़ा एक्शन लिया है। दवा कारोबारी की बहू शालू के बाद अब उनके बेटे सुब्रत को भी गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के मुताबिक, जांच में सामने आए कई साक्ष्यों और घटनाक्रम की कड़ियों के आधार पर सुब्रत की भूमिका भी संदिग्ध पाई गई।
हालांकि पूछताछ के दौरान सुब्रत ने हत्या में शामिल होने से इनकार किया। बुधवार को सभी आरोपियों की रिमांड मिलने के बाद पुलिस कमिश्नर रघुवीर लाल (Raghuveer Lal) ने शालू, सुब्रत और विशाल को आमने-सामने बैठाकर कई घंटे पूछताछ की। वहीं, नौकर ने पुलिस के सामने दावा किया कि सुब्रत ने ही अपने पिता की हत्या करवाने की साजिश रची थी।
22 जुलाई से बंद था CCTV
पुलिस की जांच में पता चला कि सुब्रत के घर का CCTV 22 जुलाई से बंद था। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि कैमरे जानबूझकर बंद किए गए थे या नहीं।
घटना वाली रात की टाइमलाइन भी जांच का अहम हिस्सा है:
- रात 8:59 बजे सुब्रत और शालू घर से निकले।
- 9:46 बजे विशाल और एक अन्य आरोपी विनीत मिनोचा के घर पहुंचे।
- 9:56 बजे सुब्रत और शालू कॉसमॉस इन पहुंचे।
- 10:58 बजे विनीत मिनोचा घर के अंदर गए।
पुलिस इन गतिविधियों और आरोपियों के बीच संपर्क को जोड़कर पूरी साजिश की कड़ी तलाश रही है।
सुब्रत पर 20 लाख से ज्यादा का कर्ज
जांच में सुब्रत पर 20 लाख रुपये से ज्यादा के कर्ज की बात भी सामने आई है। इसमें मनी व्यू से करीब 5 लाख, ICICI बैंक से 75 हजार, नवी ऐप से 3 लाख और दोस्त हर्षित से करीब 9.5 लाख रुपये का उधार बताया गया है।
पुलिस के अनुसार, सुब्रत को पिता से करीब 25 हजार और शालू को 15 हजार रुपये महीने मिलते थे। जांच में शराब और जुआ खेलने की आदत से जुड़े दावे भी सामने आए हैं।
विशाल और सुब्रत के बीच 258 से ज्यादा कॉल
कॉल डिटेल रिकॉर्ड की जांच में विशाल और शालू के बीच करीब 28 बार बातचीत सामने आई है, जबकि विशाल और सुब्रत के बीच 258 से ज्यादा कॉल मिले हैं। हत्या से पहले और बाद में विशाल ने नए सिम से पांच कॉल कीं और सभी सुब्रत के नंबर पर थीं।
पुलिस के मुताबिक, CCTV फुटेज में विशाल की पहचान कराने पर शुरुआत में सुब्रत और शालू ने उसे पहचानने से इनकार किया, हालांकि बाद में शालू ने उसकी पहचान कर ली। अब पुलिस इन सभी साक्ष्यों को जोड़कर हत्या (Vineet Minocha Murder Case) की पूरी साजिश और प्रत्येक आरोपी की भूमिका की जांच कर रही है।
Also Read: फर्जी नंबर, नकली FASTag और टोल चोरी का खेल, UP STF ने रैकेट का किया भंडाफोड़

