अखिलेश यादव के PDA रथ यात्रा में सपा के श्रीकृष्ण वाले पोस्टर के जवाब में लगे गिरगिटेश लिखे विवादित होर्डिंग्स

Raebareli News: उत्तर प्रदेश में आगामी 2027 के विधानसभा चुनावों को ध्यान में रखते हुए समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने रायबरेली जिले से अपनी ‘पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) रथ यात्रा’ का आगाज कर दिया है। रायबरेली से चुनावी बिगुल फूंकने पहुंचे अखिलेश यादव के आगमन को लेकर पूरे जिले में भारी सियासी हलचल देखने को मिल रही है। यात्रा के शुभारंभ से ठीक पहले शहर में छिड़े पोस्टर वॉर ने राजनीतिक पारे को और बढ़ा दिया है।

सपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों में यात्रा को लेकर भारी उत्साह देखा जा रहा है। पार्टी के स्थानीय पदाधिकारियों ने शहर भर में अखिलेश यादव के स्वागत में बड़े-बड़े होर्डिंग्स लगाए हैं। इनमें से एक पोस्टर में सपा प्रमुख को भगवान श्रीकृष्ण के रूप में चित्रित करते हुए लिखा गया है- मेरे माधव, सुदामा की धरती पर आपका स्वागत है।

दूसरी ओर, विरोधी गुटों द्वारा लखनऊ-रायबरेली राष्ट्रीय राजमार्ग पर अखिलेश यादव के खिलाफ कई विवादित और तीखे पोस्टर लगा दिए गए हैं। इन पोस्टरों में सपा अध्यक्ष को ‘गिरगिटेश’ संबोधित करते हुए सवाल पूछे गए हैं कि कल्याण सिंह को श्रद्धांजलि कब देंगे? और 20 करोड़ की वैनिटी वैन दौड़ा रहे हो, यह सड़क किसने बनवाई?

पीड़ित परिवारों और सपाइयों से मुलाकात करेंगे अखिलेश

अपनी इस यात्रा के दौरान अखिलेश यादव का मुख्य ध्यान पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक समुदाय के उन परिवारों से संपर्क साधने पर रहेगा, जो वर्तमान शासन और प्रशासन की कार्रवाइयों से असंतुष्ट हैं। रायबरेली पहुंचने के बाद अखिलेश सबसे पहले हरचंदपुर सीट से सपा के ओबीसी विधायक राहुल लोधी के आवास पर जाएंगे। वहां वे समाजवादी छात्रसभा के उन कार्यकर्ताओं से भेंट करेंगे, जिनकी बीते 17 सितंबर को पुलिस प्रशासन और एबीवीपी के सदस्यों के साथ तीखी झड़प हुई थी।

Also Read: Rise and Fall Season 2: ‘बेइज्जती बर्दाश्त नहीं करूंगा’, राइज एंड फॉल में वीरेंद्र सहवाग की दो टूक

Get real time updates directly on you device, subscribe now.