अदाणी आरोग्य मंदिर का शिलान्यास कर गौतम अदाणी ने बंगाल में एक लाख करोड़ का निवेश करने का किया ऐलान

Sandesh Wahak Digital Desk: अदाणी ग्रुप के चेयरमैन गौतम अदाणी ने गुरुवार को पश्चिम बंगाल के कोलकाता स्थित न्यू टाउन में 2,000 बेड वाले सुपर स्पेशिएलिटी अस्पताल और मेडिकल कॉलेज अदाणी आरोग्य मंदिर की आधारशिला रखी। शिलान्यास समारोह में मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के साथ गौतम अदाणी, उनकी पत्नी डॉ. प्रीति अदाणी (चेयरमैन, अदाणी फाउंडेशन) और बेटे करण अदाणी (एमडी, APSEZ) मौजूद रहे। कार्यक्रम से पहले गौतम अदाणी ने कोलकाता के प्रसिद्ध कालीघाट मंदिर में पूजा-अर्चना कर मां शक्ति से देश और राज्य के विकास का आशीर्वाद मांगा।

4,000 करोड़ की लागत से बनेगा अस्पताल

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए गौतम अदाणी ने घोषणा की कि केवल ‘अदाणी आरोग्य मंदिर’ और मेडिकल कॉलेज फैसिलिटी के निर्माण में 4,000 करोड़ रुपये का निवेश किया जाएगा, जिससे स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार के साथ-साथ हजारों नौकरियां पैदा होंगी। इसके अलावा, अदाणी समूह वर्ष 2035 तक पश्चिम बंगाल में 1,00,000 करोड़ रुपये से अधिक का विशाल निवेश करेगा। यह पूंजी निवेश बंदरगाह (पोट्स), लॉजिस्टिक्स, बिजली उत्पादन और वितरण, सड़कें, पुल, रोपवे, ग्रीन सीमेंट और हाइपरस्केल डेटा सेंटर जैसे महत्वपूर्ण इंफ्रास्ट्रक्चर क्षेत्रों में किया जाएगा।

बंगाल बनेगा पूर्व भारत में अदाणी ग्रुप की दूसरी कर्मभूमि

गौतम अदाणी ने कोलकाता के प्राकृतिक समुद्री मार्ग और इसकी अपार संभावनाओं को रेखांकित करते हुए कहा कि तीन दशक पहले गुजरात का मुंद्रा बंदरगाह पश्चिम में उनकी पहली कर्मभूमि बना था और अब बंगाल पूर्व में उनकी दूसरी कर्मभूमि बनने जा रहा है। उन्होंने कहा कि बंगाल उनके लिए सिर्फ एक निवेश गंतव्य नहीं, बल्कि सेवा और आत्मीयता का स्थान है। अपने संबोधन के अंत में उन्होंने स्वामी विवेकानंद, नेताजी सुभाष चंद्र बोस और रवींद्रनाथ टैगोर जैसी महान विभूतियों को याद करते हुए कहा कि यह वही मिट्टी है जिसने ‘वंदे मातरम्’ के जरिए देश के गौरव को जगाया था, और बंगाल अब विकास की नई दिशा में आगे बढ़ेगा।

Also Read: एक करोड़ रुपये की हेरोइन के साथ तस्कर गिरफ्तार, ANTF और बाराबंकी पुलिस के हाथ लगी बड़ी सफलता

Get real time updates directly on you device, subscribe now.