भाजपा ने 24 संगठन मंत्रियों को सौंपी राज्यों की जिम्मेदारी, धर्मपाल को यूपी का प्रभार, देखें सूची
Sandesh Wahak Digital Desk: भारतीय जनता पार्टी ने गुरुवार को संगठन को और अधिक गतिशील व मजबूत बनाने के उद्देश्य से बड़ा संगठनात्मक फेरबदल किया है। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन की मंजूरी के बाद देशभर के विभिन्न राज्यों और संगठनात्मक इकाइयों के लिए 24 संगठन मंत्रियों तथा प्रमुख पदाधिकारियों के नए दायित्वों की सूची जारी की गई। इस बड़े फेरबदल को आगामी विधानसभा चुनावों और बूथ स्तर तक कैडर को मजबूत करने की पार्टी की दीर्घकालिक रणनीति से जोड़कर देखा जा रहा है।
धर्मपाल को यूपी तो पवन राणा को दिल्ली-हरियाणा का जिम्मा
नई नियुक्तियों के अंतर्गत संगठनात्मक दृष्टि से सबसे महत्वपूर्ण राज्य उत्तर प्रदेश में धर्मपाल को प्रदेश संगठन मंत्री का दायित्व सौंपा गया है। वहीं पवन राणा को दिल्ली और हरियाणा राज्यों की संगठनात्मक जिम्मेदारी दी गई है। पार्टी के वरिष्ठ रणनीतिकार शिवप्रकाश को राष्ट्रीय सह महामंत्री (संगठन) के रूप में आंध्र प्रदेश, महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और गोवा का प्रभार दिया गया है। इसके अतिरिक्त सौदान सिंह को बिहार, झारखंड, ओडिशा और पश्चिम बंगाल जैसे पूर्वोत्तर व पूर्वी भारत के राज्यों के समन्वय का काम सौंपा गया है।
अजय जामवाल को महाराष्ट्र और भीखुभाई दलसानिया को मिली बिहार की कमान
अन्य प्रमुख राज्यों के पुनर्गठन के तहत अजय जामवाल को महाराष्ट्र का प्रदेश महामंत्री (संगठन) बनाया गया है, जिनका मुख्यालय मुंबई रहेगा। वहीं सतीश धोंड को महाराष्ट्र के साथ चार अन्य राज्यों में जनजातीय संपर्क का जिम्मा मिला है। बिहार में भीखुभाई दलसानिया को संगठन मंत्री बनाया गया है, जबकि पवन साई को झारखंड का दायित्व दिया गया है। इसके अलावा, रविंद्र राजू को असम, त्रिपुरा व कार्यालय निर्माण, सिद्धार्थ को हिमाचल प्रदेश, रत्नाकर व अरुण बिन्नाडा को गुजरात तथा फणीन्द्रनाथ शर्मा को उत्तराखंड की संगठनात्मक कमान सौंपी गई है। साथ ही वी. सतीश को एससी/एसटी मोर्चा और संसदीय कार्यालय का प्रभार मिला है।


Also Read: लोन के साथ बीमा लेना जरूरी नहीं होगा, कमीशन और मिस-सेलिंग पर IRDAI कसेगा शिकंजा

