Bareilly News: मृतक दरोगा की वर्दी वाली फोटो लगा फर्जी इंस्टाग्राम आईडी बनाने वाला गिरफ्तार
Bareilly News: बरेली जनपद के कोतवाली थाना क्षेत्र में सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर एक दरोगा की वर्दी वाली फोटो लगाकर दीपक जाट नाम से फर्जी आईडी तैयार की गई थी। इस आईडी से एक महिला (नेहा भारती) के संबंध में आपत्तिजनक और भ्रामक पोस्ट शेयर की गई, जिस पर लोगों ने बरेली पुलिस की छवि को धूमिल करने वाले अभद्र कमेंट्स करने शुरू कर दिए। मामले की गंभीरता को देखते हुए कुतुबखाना चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक अनूप सिंह की तहरीर पर 14 सितंबर 2026 को अज्ञात के खिलाफ धारा 67 आईटी एक्ट में मुकदमा (मु.अ.स. 454/2026) दर्ज किया गया था। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) बरेली के निर्देश पर जांच साइबर क्राइम थाने को ट्रांसफर की गई।
साइबर क्राइम पुलिस की तकनीकी और इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों की जांच में चौंकाने वाला खुलासा हुआ। जिस दरोगा की फोटो फर्जी आईडी में इस्तेमाल की गई थी, वह मूल रूप से मिर्जापुर निवासी स्व० श्री आकाश यादव की थी। वह अयोध्या में तैनात थे और कुछ महीने पहले ही रात्रि गश्त के दौरान सड़क हादसे में उनकी मौत हो गई थी। साइबर टीम ने इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों और आईएमईआई नंबरों के भौतिक सत्यापन के जरिए आरोपी की पहचान बिजनौर निवासी दीपक कौशिक के रूप में की, जो वर्तमान में बरेली के मीरगंज स्थित शुगर मिल में कार्यरत है।
साइबर क्राइम थाना पुलिस ने गुरुवार (24 सितंबर 2026) को आरोपी दीपक कौशिक (28 वर्ष) को झुमका चौराहे से उस समय गिरफ्तार कर लिया, जब वह कहीं भागने की फिराक में था। उसके पास से घटना में प्रयुक्त सैमसंग गैलेक्सी F15 मोबाइल फोन और दो सिम कार्ड बरामद हुए हैं। पूछताछ में बीएससी पास आरोपी ने बताया कि वह मीरगंज की डीबीओएल (DBOL) शुगर मिल में केमिकल एनालिसिस अधिकारी है। उसने पुलिस से बचने के लिए मृतक दरोगा की फोटो का सहारा लिया था। मामले में आईटी एक्ट की धारा 66सी और बीएनएस (BNS) की धारा 319(2)/356 की बढ़ोतरी कर आरोपी को अदालत में पेश किया जा रहा है। इस कार्रवाई को अंजाम देने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक धनंजय कुमार पाण्डेय, उपनिरीक्षक गुरमीत तोमर, उपनिरीक्षक सौरव तोमर, हेड कांस्टेबल विलीश कुमार और कांस्टेबल विवेक कुमार शामिल रहे।
रिपोर्ट- रंजीत बिसारिया
Also Read: CEC ज्ञानेश कुमार को CJP का 48 घंटे का अल्टीमेटम, इस्तीफा नहीं तो देशव्यापी आंदोलन की चेतावनी

