भगोड़ा थानेदार अधिकारियों को दे रहा धमकी, व्हाट्सएप स्टेटस पर लिखा- जल्द वापसी कर खोलूंगा सबकी पोल

Jaunpur News: उत्तर प्रदेश के जौनपुर में खाकी को शर्मसार करने वाले एक बड़े मामले में पुलिस ने सुरेरी थाने के भगोड़े पूर्व थानाध्यक्ष दिव्य प्रकाश सिंह पर 25,000 रुपये का इनाम घोषित कर दिया है। आरोप है कि थानेदार अपने सिपाहियों और सगे भाइयों के साथ मिलकर कारोबारियों को अगवा करता था और थाने के भीतर ही डरा-धमकाकर लाखों रुपये की लूट को अंजाम देता था। इस सनसनीखेज गिरोह का पर्दाफाश होने के बाद दो सिपाहियों सहित तीन आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि थानेदार के दो सगे भाइयों विकास सिंह और संकीत सिंह ने पुलिस के बढ़ते दबाव के बीच अदालत में आत्मसमर्पण (सरेंडर) कर दिया है।

मामले में निलंबित चल रहा इनामी थानेदार लगातार फरार है, लेकिन अपने पर्सनल नंबर का व्हाट्सएप स्टेटस बदलकर सीनियर अफसरों को खुलेआम धमकियाँ दे रहा है। अपने एक स्टेटस में उसने लिखा, “आज आपने मेरी इज़्ज़त ली है, मैं जल्द ही अपने तरीके से वापसी कर सबकी पोल खोलूँगा। सम्मान के साथ जिया हूँ, सम्मान के साथ जियूँगा।” वहीं, एक अन्य भावुक और धमकी भरे स्टेटस में उसने लिखा कि वह सीबीआई जांच के सभी सबूतों के साथ जल्द सामने आएगा और खुद की जान देने की धमकी भी दी है।

ऑनलाइन वसूले जाते थे पैसे

इस पूरे रैकेट का खुलासा तब हुआ जब जलालपुर के कारोबारी विजय राजभर ने 17 सितंबर को अधिकारियों से शिकायत की। 15 सितंबर को दो युवकों ने पुलिस का डर दिखाकर उसे अगवा किया और सुरेरी थाने ले गए, जहाँ उसके साथ मारपीट की गई और मोबाइल छीनकर यूपीआई से 2 लाख रुपये से अधिक ट्रांसफर करा लिए गए। जांच आगे बढ़ी तो एक अन्य कारोबारी सुशील कुमार पांडेय भी सामने आए, जिनके साथ भी इसी तरह सुरेरी थाने में 1.65 लाख रुपये की लूट की गई थी।

SIT जांच और पुलिस की परेड में खुला राज

मामले की गंभीरता को देखते हुए वाराणसी परिक्षेत्र के डीआईजी वैभव कृष्ण ने 22 सितंबर को अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) आतिश कुमार सिंह के नेतृत्व में 5 सदस्यीय एसआईटी (SIT) का गठन किया। एसआईटी ने जब सुरेरी थाने में तैनात पुलिसकर्मियों की परेड कराई, तो पीड़ितों ने लूट में शामिल सिपाहियों और थानेदार के भाइयों को पहचान लिया। जांच में सामने आया कि कारोबारियों को उठाने वाले कोई और नहीं बल्कि थानेदार के अपने सगे भाई थे। फिलहाल पुलिस फरार इनामी थानेदार की सरगर्मी से तलाश कर रही है।

Also Read: मातृभाषा को बढ़ावा देने के लिए ब्रजेश पाठक का निर्देश, डॉक्टरों को पर्चे पर हिंदी में लिखनी होगी दवाइयां

Get real time updates directly on you device, subscribe now.