Lucknow News: IAS की नौकरी छोड़ने के बाद दिव्या मित्तल का नया ऐलान, 29 सितंबर को बताएंगी अगला कदम, चर्चा में X पोस्ट
30 अगस्त को दिया था इस्तीफा, 14 सितंबर को हुआ स्वीकार, X पोस्ट में 29 सितंबर सुबह 8:30 बजे की तारीख बताई
Lucknow News: उत्तर प्रदेश में देवरिया की जिलाधिकारी रह चुकीं पूर्व IAS अधिकारी दिव्या मित्तल ने प्रशासनिक सेवा से इस्तीफे के बाद अपने अगले कदम को लेकर सोशल मीडिया पर पोस्ट किया है।
उन्होंने कहा है कि वह 29 सितंबर की सुबह 8:30 बजे बताएंगी कि आगे क्या करना है।
रविवार को X पर पोस्ट करते हुए दिव्या मित्तल ने लिखा, ‘आगे क्या करना है? मैंने पढ़ा… बच्चे छोटे हैं। अब घर। अच्छा पैकेज मिलेगा। वापस विदेश। IAS पर किताब लिखी है। कोचिंग। टिकट पक्का हो गया होगा। राजनीति। 29 सितंबर, सुबह 8:30 बजे बताऊंगी।’
उनके इस पोस्ट के बाद सोशल मीडिया पर लोग उनकी अगली योजना को लेकर चर्चा कर रहे हैं और उन्हें शुभकामनाएं दे रहे हैं।
30 अगस्त को दिया था इस्तीफा
दिव्या मित्तल ने 30 अगस्त को प्रशासनिक सेवा से इस्तीफा दिया था, जिसे 14 सितंबर को स्वीकार कर लिया गया।
उन्होंने इसकी जानकारी भी अपने X हैंडल के जरिए साझा की थी। अब करीब दो सप्ताह बाद उनके नए पोस्ट ने उनके अगले कदम को लेकर उत्सुकता बढ़ा दी है।

लहुरियादह में पेयजल परियोजना से मिली पहचान
मिर्जापुर की जिलाधिकारी रहते हुए दिव्या मित्तल हलिया ब्लॉक के लहुरियादह गांव में पेयजल परियोजना को लेकर चर्चा में आई थीं। उनके कार्यकाल में गांव तक पेयजल पहुंचाने की पहल की गई थी।
परियोजना के उद्घाटन के लिए उन्होंने किसी राजनेता के बजाय गांव की एक बुजुर्ग महिला को चुना था। इस फैसले को लेकर उस समय काफी चर्चा हुई थी।
IIT और IIM से पढ़ाई, फिर बनीं IAS
हरियाणा के रेवाड़ी में जन्मी दिव्या मित्तल ने IIT दिल्ली से BTech और IIM बेंगलुरु से MBA किया। इसके बाद उन्होंने विदेश में नौकरी की।
भारत लौटकर उन्होंने UPSC की तैयारी की। 2012 में उनका चयन IPS के लिए हुआ, जबकि अगले प्रयास में 2013 में वह IAS बनीं।
दिव्या मित्तल मिर्जापुर, बस्ती और देवरिया की जिलाधिकारी रह चुकी हैं। इसके अलावा उन्होंने प्रशासन में कई अन्य महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां भी संभाली हैं।
अब 29 सितंबर को उनके अगले कदम को लेकर स्थिति साफ होने की उम्मीद है।

