CJP नेता की हिरासत पर दीपके का CM हिमंत को अल्टीमेटम – ‘आशुतोष रांका को नहीं छोड़ा तो…’
CJP Ashutosh Ranka Detained in Assam: गुवाहाटी में कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) की प्रस्तावित रीजनल वॉलंटियर्स मीटिंग से पहले पुलिस कार्रवाई को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। असम पुलिस ने पार्टी के को-कन्वीनर आशुतोष रांका (Ashutosh Ranka) समेत 30 से ज्यादा कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया। इनमें CJP की केंद्रीय समिति के चार सदस्य भी शामिल बताए जा रहे हैं।
हिरासत की खबर सामने आने के बाद CJP संस्थापक अभिजीत दीपके (Abhijeet Dipke) ने असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा (Himanta Biswa Sarma) को चेतावनी दी। दीपके ने कहा कि अगर आशुतोष रांका और अन्य कार्यकर्ताओं को रिहा नहीं किया गया, तो वह CJP के दूसरे सदस्यों के साथ असम पहुंचेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि हिमंत बिस्वा सरमा उन सभी को गिरफ्तार कर सकते हैं।
प्राइवेट आवास से हिरासत में लेने का दावा
दीपके ने रविवार 27 सितंबर को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर दावा किया कि आशुतोष रांका को एक प्राइवेट आवास से हिरासत में लिया गया और उन्हें अब तक यह नहीं बताया गया कि किस आरोप या आधार पर हिरासत में लिया गया है। CJP ने यह भी दावा किया कि पुलिस रांका और उनकी टीम को किसी अज्ञात स्थान पर ले गई।
रांका (Ashutosh Ranka) ने हिरासत में लिए जाने के दौरान आरोप लगाया कि पुलिस ने बैठक रोकने के लिए कार्रवाई की। CJP नेताओं का कहना है कि वे असम में सरकारी स्कूलों समेत स्थानीय मुद्दों को उठाने के लिए बैठक करने वाले थे। हालांकि, पुलिस की ओर से इस कार्रवाई के विस्तृत आधार को लेकर तत्काल आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।
दो बार बदला बैठक का स्थान
CJP की बैठक पहले गुवाहाटी के आठगांव स्थित असम श्री परशुराम सेवा सदन में सुबह करीब 10 बजे होनी थी। बाद में इसका स्थान असम सचिवालय के सामने चौधरी टीला कर दिया गया। पार्टी का आरोप है कि पहले तय किए गए स्थान की बुकिंग रद्द कराने के लिए दबाव बनाया गया था। बैठक शुरू होने से पहले ही पुलिस ने कई कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया।
CJP ने पुलिस कार्रवाई पर सवाल उठाए हैं, जबकि पूरे मामले में आगे की स्थिति और हिरासत का आधिकारिक आधार स्पष्ट होना बाकी है।

