प्राइवेट पार्ट से ब्लीडिंग और ग्राइंडर… प्रेमानंद के शिष्य की पोस्टमार्टम रिपोर्ट में चौंकाने वाले खुलासे

Premanand Maharaj Disciple Death: वृंदावन में संत प्रेमानंद महाराज के शिष्य दीपक लोधी (Deepak Lodhi) उर्फ रसिक दुलारी शरण की मौत का मामला लगातार उलझता जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सामने आया है कि उनकी मौत अत्यधिक रक्तस्राव के कारण हुई। पुलिस के मुताबिक, गिरने से शरीर पर गंभीर चोटें भी आई थीं और इन्हीं चोटों से रक्तस्राव होने की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता।

दीपक की मौत शुक्रवार सुबह गुरु कृपा कुंज आश्रम की चार मंजिला इमारत से गिरने के बाद हुई थी। CCTV फुटेज की जांच के आधार पर वृंदावन पुलिस प्रथम दृष्टया इसे आत्महत्या मान रही है, लेकिन परिजनों की शिकायत के बाद सभी पहलुओं की जांच जारी है। पुलिस ने CCTV फुटेज, फॉरेंसिक साक्ष्यों और मोबाइल फोन समेत अन्य सामग्री को जांच में शामिल किया है।

कमरे से मिला ग्राइंडर, जांच में अहम सुराग

पुलिस के अनुसार, Deepak Lodhi जिस कमरे में रहते थे, वहां से एक ग्राइंडर बरामद हुआ है, जिस पर खून के निशान बताए गए हैं। उनके शरीर पर गंभीर चोटों के अलावा निजी अंग से जुड़ी चोट के तथ्य भी सामने आए हैं। पुलिस का कहना है कि यह सब किन परिस्थितियों में हुआ, इसका पता विस्तृत जांच के बाद ही चलेगा। फॉरेंसिक टीम ने कमरे और घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाए हैं।

CCTV फुटेज में दीपक की अंतिम गतिविधियां और इमारत से नीचे गिरने की घटना रिकॉर्ड हुई है। पुलिस ने DVR कब्जे में लेकर फुटेज की जांच शुरू कर दी है। इसके साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि घटना से पहले उनके संपर्क में कौन-कौन लोग थे।

परिवार ने लगाया मिलने नहीं देने का आरोप

दीपक मध्य प्रदेश के जबलपुर के रहने वाले थे और करीब दो साल से वृंदावन में रह रहे थे। परिवार के मुताबिक, आश्रम से जुड़ने और दीक्षा लेने के बाद उनका परिवार से संपर्क बेहद सीमित हो गया था। उनके जीजा सोनू पटेल ने दावा किया कि परिजन आश्रम पहुंचते थे, लेकिन उन्हें दीपक से मिलने नहीं दिया जाता था। उनके पास मोबाइल फोन भी नहीं रहता था, जिससे परिवार से नियमित बातचीत नहीं हो पाती थी।

पुलिस अब पोस्टमार्टम, CCTV और फॉरेंसिक जांच के निष्कर्षों को मिलाकर मौत (Deepak Lodhi Death) की पूरी परिस्थितियों का पता लगाने में जुटी है। फिलहाल अंतिम निष्कर्ष जांच पूरी होने के बाद ही सामने आएगा।

Also Read: अयोध्या में केमिकल इंजीनियर का टैंक में अर्धनग्न हालत में मिला शव, परिवार ने हत्या का जताया शक

Get real time updates directly on you device, subscribe now.