नेपाल के पानी से सरयू बनी काल, नदी में समाए मंदिर-मस्जिद और दर्जनों घर, बाढ़ से टूटा रिकॉर्ड

Barabanki Saryu River Flood: नेपाल से आए पानी के बाद उत्तर प्रदेश के बाराबंकी (Barabanki) में सरयू नदी (Saryu River) ने भारी तबाही मचा दी है। रामनगर तहसील के हेतमापुर में रातोंरात नदी का कटान इतना तेज हुआ कि मस्जिद, शिव मंदिर और करीब 10 मकान सरयू में समा गए। खेत और आबादी लगातार नदी की धारा में कटती जा रही है। ग्रामीणों का कहना है कि ऐसी भयावह स्थिति पिछले 18 साल में नहीं देखी गई।

शनिवार शाम तक सरयू अपेक्षाकृत शांत थी, लेकिन रात करीब दो बजे जलस्तर बढ़ने के साथ कटान ने अचानक रफ्तार पकड़ ली। सबसे पहले नदी किनारे बनी मस्जिद धारा में समा गई। इसके कुछ ही देर बाद पास का शंकरजी मंदिर भी नदी की चपेट में आ गया। अब कटान बाबा नारायण दास की तपोस्थली तक पहुंच गया है। मंदिर के निचले हिस्से का लिंटर भी नदी में समा चुका है।

बोल्डर और ईंटों की बोरियां भी नहीं रोक पाईं कटान

मंदिर को बचाने के लिए बाढ़ खंड ने नदी में बोल्डर, पत्थर और ईंटों से भरी बोरियां डलवाईं, लेकिन तेज बहाव के सामने ये इंतजाम भी टिक नहीं सके। खतरा बढ़ता देख ग्रामीण अपने पक्के मकान खुद तोड़कर सामान सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने में जुट गए।

सरयू का कटान अब पशु अस्पताल तक पहुंच गया है। अस्पताल की बाउंड्रीवाल नदी में समा चुकी है और भवन की ओर तेजी से कटान हो रहा है। खतरे को देखते हुए अस्पताल खाली करा दिया गया है।

अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर लिया जायजा

रविवार को एडीएम निरंकार सिंह, एसपी अर्पित विजय वर्गीय, एएसपी विवेक तिवारी और सीएमओ डॉ. रंजन गौतम समेत कई अधिकारी हेतमापुर पहुंचे। एसडीएम आकांक्षा गुप्ता और तहसीलदार विपुल सिंह भी मौके पर मौजूद रहे। प्रशासन के मुताबिक प्रभावित परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर भेजा जा रहा है और भोजन की व्यवस्था कराई गई है।

पूरनपुर में भी मकान और मवेशी बहे

सरयू के दूसरे छोर पर बसे पूरनपुर में भी कटान से सात मकान नदी में समा गए। रामानंद, सुरेश, राकेश, रामजतन, राज कुमार, कमला प्रसाद और मदन लाल के घर इसकी चपेट में आए। मदन लाल के घर में बंधी दो गायें भी मकान के साथ बह गईं। कई अन्य मकान भी कटान के मुहाने पर हैं और प्रभावित परिवारों के सामने रहने का संकट खड़ा हो गया है।

Also Read: LPU में फिर बवाल, छात्रों ने गेट तोड़ा, जालंधर में हजारों ने हाईवे किया जाम, पुलिस से नहीं बनी बात

Get real time updates directly on you device, subscribe now.