कोई टोटी चोरी करके चला गया तो फिर… CM योगी का बिना नाम लिए तंज, बोले- हर हफ्ते बांटेंगे नियुक्ति पत्र
CM Yogi: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को 1375 ग्राम पंचायत अधिकारियों को नियुक्ति पत्र वितरित किए। इस दौरान उन्होंने चयनित युवाओं को बधाई दी और कहा कि एक युवा को नियुक्ति मिलने से सिर्फ उसके घर में नहीं, बल्कि हजारों परिवारों में खुशी का माहौल बनता है।
‘टोटी चोरी होगी तो प्लम्बर मरम्मत करेगा’
युवाओं को संबोधित करते हुए सीएम योगी आदित्यनाथ ने हर घर नल योजना और जल जीवन मिशन का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि गांवों में बीमारियों के दो बड़े कारण गंदगी और शुद्ध पेयजल का अभाव हैं। स्वच्छ भारत मिशन से गंदगी की समस्या पर काम हुआ है, जबकि हर घर नल योजना से साफ पानी की समस्या दूर होगी।
इसी दौरान उन्होंने बिना नाम लिए तंज कसते हुए कहा, “कोई टोटी चोरी करके चला गया तो फिर क्या होगा?” उन्होंने कहा कि गांव के युवाओं को प्लम्बर की ट्रेनिंग दी जा सकती है, कोई टोटी चोरी करके चला गया तो फिर…कम से कम प्लम्बर उसकी मरम्मत कर सके। वरना टोटी चोर टोटी चोरी करते रहेंगे और पानी गिरता रहेगा, ताकि पाइप या टोटी खराब होने पर तुरंत मरम्मत हो सके और पानी बर्बाद न हो।
अखिलेश यादव के बयान पर किया पलटवार
योगी ने सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि अखिलेश नियुक्ति पत्र वितरण नहीं होने की बात कह रहे थे। सीएम योगी ने कहा, “चिंता मत करो, हर सप्ताह एक नियुक्ति पत्र कार्यक्रम जरूर करेंगे।” उन्होंने बताया कि सितंबर में यह उनका चौथा नियुक्ति पत्र कार्यक्रम है और अक्टूबर के पहले सप्ताह से फिर नियुक्ति पत्र वितरण शुरू होगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि 2017 से पहले प्रदेश के हर जिले में माफिया सक्रिय था और उनकी समानांतर सरकार चलती थी। उन्होंने दावा किया कि आज उत्तर प्रदेश कर्फ्यू, दंगा, माफिया और उपद्रव से मुक्त है।
Also Read: मायावती ने उठाए EVM पर सवाल, बोलीं- चंद्रशेखर आजाद को BJP ने जिताया, बैलेट पेपर से की चुनाव की मांग

