लखीमपुर को मिले 37 नए ग्राम पंचायत अधिकारी, सीएम ने सौंपा नियुक्ति पत्र

Lakhimpur Kheri News: लखीमपुर जिले की ग्राम पंचायतों में प्रशासनिक व्यवस्था और विकास कार्यों की निगरानी अब पहले से बेहतर होने की उम्मीद है। शासन की ओर से जिले को 37 नए ग्राम पंचायत अधिकारी मिले हैं। सोमवार को लखनऊ में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने नव नियुक्त अधिकारियों को नियुक्ति पत्र वितरित किए।

खीरी में कुल 1164 ग्राम पंचायतें हैं। स्वीकृत पदों के मुकाबले ग्राम पंचायत अधिकारियों की संख्या लंबे समय से कम थी। करीब 40 पद रिक्त होने के कारण कई सचिवों को एक से ज्यादा ग्राम पंचायतों की जिम्मेदारी संभालनी पड़ रही थी।

सचिवों का काम होगा आसान

एक सचिव के पास कई पंचायतों का प्रभार होने से विकास योजनाओं की निगरानी, सरकारी अभिलेखों के रखरखाव और ग्रामीणों से जुड़े प्रमाणपत्रों समेत दूसरे कामों का दबाव बढ़ गया था। कई बार ग्रामीणों को पंचायत संबंधी काम के लिए सचिव की उपलब्धता का इंतजार करना पड़ता था।

नई नियुक्तियों के बाद अतिरिक्त प्रभार वाली पंचायतों का बोझ कम होने की उम्मीद है। इससे सचिव अपने निर्धारित क्षेत्र में विकास योजनाओं और सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन पर ज्यादा ध्यान दे सकेंगे।

ग्रामीण स्तर पर निगरानी मजबूत होगी

जिला पंचायत राज अधिकारी विशाल सिंह ने बताया कि जिले में 37 नए ग्राम पंचायत अधिकारियों की नियुक्ति हुई है। सोमवार को लखनऊ में मुख्यमंत्री ने उन्हें नियुक्ति पत्र दिए। उन्होंने कहा कि नई नियुक्तियों से ग्राम पंचायतों में सचिवों की उपलब्धता बढ़ेगी और योजनाओं के क्रियान्वयन व निगरानी की व्यवस्था को और प्रभावी बनाने में मदद मिलेगी।

रिपोर्ट: कौशलेंद्र शुक्ला

Get real time updates directly on you device, subscribe now.