लखीमपुर में सड़क हादसे रोकने का बना प्लान, ब्लैक स्पॉट पर 100 मीटर पहले लगेंगे साइन
Lakhimpur Kheri News: लखीमपुर खीरी में सड़क दुर्घटनाओं को कम करने के लिए प्रशासन ने सुरक्षा उपायों को और मजबूत करने की तैयारी शुरू कर दी है। सोमवार को कलेक्ट्रेट के अटल सभागार में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक हुई। इसकी अध्यक्षता डीएम अंजनी कुमार सिंह ने की।
बैठक में डीएम ने जिले में हुई सड़क दुर्घटनाओं का विश्लेषण कर नए ब्लैक स्पॉट और दुर्घटना संभावित स्थानों की पहचान करने के निर्देश दिए। पहले से चिन्हित ब्लैक स्पॉट पर किए गए सुधार कार्यों की प्रगति और उनके असर की भी समीक्षा की गई।
हेलमेट-सीटबेल्ट और ओवरस्पीडिंग पर सख्ती
डीएम ने हेलमेट, सीटबेल्ट और ओवरस्पीडिंग की नियमित निगरानी पर जोर दिया। नियम तोड़ने वालों के खिलाफ विशेष अभियान चलाकर चालान किए जाएंगे। घुमावदार सड़कों और ब्लाइंड स्पॉट से करीब 100 मीटर पहले साइनेज लगाने के निर्देश भी दिए गए।
सड़क सुरक्षा के लिए रोड इंजीनियरिंग और डिजाइन में जरूरी सुधार लागू करने को कहा गया। साथ ही सड़कों की मरम्मत और गड्ढामुक्ति, पुल-पुलिया व रपटा की सुरक्षा, तटबंध की सड़कों, सकरे और जर्जर पुलों की स्थिति पर चर्चा हुई।
स्कूली वाहनों और चीनी मिलों पर भी नजर
बैठक में स्कूली वाहनों को तय मानकों के अनुसार चलाने, चीनी मिलों में वाहन प्रबंधन, शहरी चौराहों पर अतिक्रमण हटाने और रोड साइड सुधार पर भी मंथन हुआ। राहवीर योजना के प्रचार-प्रसार और सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रमों की योजना भी बनाई गई।
बैठक का संचालन पीडब्ल्यूडी निर्माण खंड-3 के अधिशासी अभियंता अनिल कुमार यादव और एआरटीओ शांति भूषण पांडेय ने संयुक्त रूप से किया।

