‘महिलाओं को देंगे सालाना 40 हजार, पुरानी पेंशन होगी बहाल’, चुनाव से पहले अखिलेश का बड़ा ऐलान
Akhilesh Yadav UP Election 2027: समाजवादी पार्टी (SP) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सोमवार को लखनऊ स्थित पार्टी मुख्यालय में विधानमंडल दल की बैठक के दौरान 2027 उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर कई घोषणाएं कीं। उन्होंने कहा कि सपा की सरकार बनने पर कर्मचारियों के लिए पुरानी पेंशन योजना (Old Pension Scheme) बहाल की जाएगी। महिलाओं के लिए सालाना 40 हजार रुपये की पेंशन और स्वरोजगार के लिए 2 लाख रुपये की आर्थिक मदद देने का भी ऐलान किया। ये घोषणाएं अखिलेश यादव की ओर से किए गए चुनावी वादों के तौर पर सामने आई हैं।
महिलाओं और रोजगार को लेकर बड़े ऐलान
अखिलेश यादव ने कहा कि सपा सरकार बनने पर महिलाओं को हर साल 40 हजार रुपये दिए जाएंगे। इसके अलावा महिलाओं को स्वरोजगार शुरू करने के लिए 2 लाख रुपये की मदद देने की बात कही। इससे पहले भी सपा प्रमुख महिलाओं के लिए 40 हजार रुपये सालाना सहायता की घोषणा कर चुके हैं।
Akhilesh Yadav ने कहा कि 2027 के चुनाव में पार्टी हर जिले के लिए अलग घोषणापत्र (Manifesto) तैयार करेगी। साथ ही 2024 के लोकसभा चुनाव का गठबंधन 2027 के विधानसभा चुनाव में भी जारी रखने की बात कही।
शिक्षकों और कर्मचारियों के लिए भी वादे
अखिलेश ने कहा कि वित्तविहीन शिक्षकों के मानदेय की व्यवस्था की जाएगी। शिक्षकों की सेवा सुरक्षा और तदर्थ प्रधानाचार्यों के वेतन से जुड़ी धाराओं 12, 18 और 21 को बहाल करने का भी ऐलान किया।
उन्होंने मदरसा शिक्षकों का वेतन बहाल करने और बकाया भुगतान की बात कही। संस्कृत शिक्षकों की समस्याओं के समाधान का भी वादा किया गया। शिक्षामित्रों को फिर शिक्षक का दर्जा देने, सरकारी स्कूलों से सेमेस्टर सिस्टम हटाने, अनुदेशकों और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की मांगों को घोषणापत्र में शामिल करने की बात भी कही।
प्रतियोगी छात्रों के लिए नौकरी का कैलेंडर
सपा प्रमुख ने प्रतियोगी छात्रों के लिए सरकारी नौकरियों का नियमित कैलेंडर जारी करने की बात कही। उन्होंने पार्टी नेताओं और विधायकों से जनता के बीच रहकर सकारात्मक मुद्दों पर काम करने और भाषा पर नियंत्रण रखने की अपील की।
बैठक में शिवपाल सिंह यादव (Shivpal Singh Yadav), जासमीर अंसारी, लाल बिहारी यादव समेत सपा के विधायक और एमएलसी मौजूद रहे। अखिलेश (Akhilesh Yadav) ने शिक्षक और स्नातक एमएलसी चुनाव के पार्टी प्रत्याशियों के लिए भी समर्थन की अपील की।
Also Read: UP चुनाव में JDU की एंट्री, वाराणसी से निशांत कुमार भरेंगे हुंकार, 25 अक्टूबर को होगा बड़ा सम्मेलन

