फतेहपुर में बड़ा हादसा, सिलेंडर ब्लास्ट से ढहा मकान, 4 लोगों की मौत, मलबे से 7 को निकाला

Fatehpur Cylinder Blast: फतेहपुर के मालवा थाना क्षेत्र में सोमवार को खाना बनाते समय गैस सिलेंडर (Gas Cylinder) फटने से एक मकान ढह गया। हादसे के बाद पुलिस और स्थानीय लोगों ने राहत एवं बचाव अभियान चलाया। मलबे से सात लोगों को बाहर निकालकर मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान चार लोगों की मौत हो गई।

फतेहपुर की डीएम निधि गुप्ता वत्स ने बताया कि हादसे में तीन लोग घायल हैं, जबकि एक घायल की हालत गंभीर बताई जा रही है। सभी घायलों का अस्पताल में इलाज चल रहा है।

मलबे में दबे लोगों को निकाला गया

सिलेंडर ब्लास्ट (Fatehpur Cylinder Blast) के बाद मकान पूरी तरह ढह गया। आसपास के घरों तक भी मलबे के अवशेष पहुंच गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंचा और स्थानीय लोगों की मदद से बचाव अभियान शुरू किया गया।

अधिकारियों के मुताबिक, मलबे से सात लोगों को निकालकर तत्काल मेडिकल कॉलेज भेजा गया था। इनमें चार लोगों ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। तीन घायलों का उपचार जारी है।

हादसे की वजह की जांच जारी

फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि हादसे के वक्त घर में कुल कितने लोग मौजूद थे और सिलेंडर किस वजह से फटा। प्रशासन और पुलिस घटना की परिस्थितियों की जांच कर रहे हैं। बचाव अभियान पूरा कर लिया गया है।

CM योगी ने लिया संज्ञान

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने फतेहपुर की घटना का संज्ञान लेते हुए अधिकारियों को मौके पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्य तेजी से पूरा कराने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना भी की है। प्रशासन की ओर से घायलों को बेहतर से बेहतर इलाज उपलब्ध कराने की बात कही गई है।

Also Read: बदायूं गोशाला में 20 गोवंश की मौत, हर महीने मिल रहे थे 6.42 लाख, 2 संचालकों पर FIR

Get real time updates directly on you device, subscribe now.