Asian Games में भारत का गोल्डन धमाका, 4 बेटियों ने 4×400 मीटर रिले में रचा इतिहास
Asian Games 2026: भारत को एशियन गेम्स 2026 में एथलेटिक्स का पहला गोल्ड मेडल मिल गया है। मंगलवार को महिलाओं की 4×400 मीटर रिले (Women’s 4x400m Relay) में भारतीय चौकड़ी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया। किरण पहल (Kiran Pahal), पूवम्मा माचेत्तिरा (Poovamma Machettira), प्राची (Prachi) और वित्या रामराज (Vithya Ramraj) ने 3:29.69 मिनट का समय निकालकर भारत को ऐतिहासिक जीत दिलाई।
यह एथलेटिक्स में भारत का मौजूदा एशियन गेम्स का पहला गोल्ड है। इस जीत के साथ भारत की ट्रैक एंड फील्ड टीम का लंबे समय से चला आ रहा गोल्ड का इंतजार भी खत्म हुआ। भारतीय महिला टीम ने फाइनल में बहरीन को पीछे छोड़ते हुए पहला स्थान हासिल किया।
आखिरी राउंड में वित्या ने बदली रेस
फाइनल में किरण पहल ने भारत के लिए शुरुआत की और इसके बाद बेटन पूवम्मा को सौंपी। अनुभवी पूवम्मा ने टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया और प्राची ने अपनी लेग में भारत को दूसरे स्थान तक पहुंचा दिया।
इसके बाद आखिरी लेग की जिम्मेदारी वित्या रामराज के पास आई। वित्या ने शानदार रफ्तार दिखाते हुए आगे चल रही चीन की धावक को पीछे छोड़ा और भारत को पहले स्थान पर पहुंचा दिया। आखिरी चरण में बहरीन की धावक ने दबाव बनाने की कोशिश की, लेकिन वित्या ने बढ़त बनाए रखी और भारत को गोल्ड दिला दिया।
वित्या रामराज का तीसरा मेडल
वित्या रामराज के लिए यह Asian Games 2026 का तीसरा पदक है। इससे पहले वह मिश्रित 4×400 मीटर रिले में सिल्वर मेडल जीत चुकी हैं। इस स्पर्धा में भारत ने 3:14.46 मिनट का समय निकालकर रजत पदक जीता था।
इसके अलावा वित्या ने 400 मीटर हर्डल्स में भी ब्रॉन्ज मेडल हासिल किया। अब महिला 4×400 मीटर रिले का गोल्ड उनके पदकों में एक और बड़ी उपलब्धि बन गया है। भारत के लिए यह जीत इसलिए भी खास है क्योंकि एथलेटिक्स में इसी संस्करण का पहला स्वर्ण पदक महिला रिले टीम ने दिलाया है।
Also Read: करीब दो दशक की दोस्ती, विराट कोहली पर रोहित शर्मा ने खोले दिल के राज

