विश्व हृदय दिवस पर गोरखपुर में युवाओं को मिला फिटनेस का संदेश, एक्सपर्ट ने बताए जरूरी उपाय
Gorakhpur News: गोरखपुर में विश्व हृदय दिवस के मौके पर फिटनेस एक्सपर्ट राहुल कुमार ने युवाओं को हृदय स्वास्थ्य के प्रति जागरूक किया। उन्होंने बदलती जीवनशैली को लेकर चिंता जताते हुए कहा कि अनियमित खानपान, कम शारीरिक गतिविधि, तनाव और नींद की कमी स्वास्थ्य पर असर डाल सकती है।
राहुल कुमार ने युवाओं से नियमित शारीरिक गतिविधियों को दिनचर्या में शामिल करने की अपील की। उन्होंने कहा कि फिट रहने के लिए केवल जिम जाना जरूरी नहीं है। पैदल चलना, तेज चाल से वॉक, दौड़, साइकिलिंग और योग जैसी गतिविधियां भी रोजाना की जा सकती हैं।
खानपान और नींद पर भी ध्यान जरूरी
फिटनेस एक्सपर्ट ने संतुलित और पौष्टिक भोजन को भी जरूरी बताया। उन्होंने डाइट में सब्जियां, फल, साबुत अनाज, दालें और पर्याप्त प्रोटीन शामिल करने की सलाह दी। वहीं ज्यादा तला-भुना खाना, अधिक नमक, अतिरिक्त चीनी और अत्यधिक प्रसंस्कृत खाद्य पदार्थों को सीमित करने की बात कही।
उन्होंने कहा कि लंबे समय तक बैठे रहना और लगातार तनाव में रहना भी आज की जीवनशैली का हिस्सा बन गया है। ऐसे में काम के बीच सक्रिय रहना, पर्याप्त नींद लेना और तनाव कम करने के लिए योग-ध्यान जैसी गतिविधियां अपनाना उपयोगी हो सकता है।
लक्षण दिखें तो डॉक्टर से लें सलाह
राहुल कुमार ने कहा कि हृदय स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता सिर्फ एक दिन तक सीमित नहीं रहनी चाहिए। युवाओं को कम उम्र से ही स्वस्थ आदतें अपनानी चाहिए। लगातार सीने में दर्द, सांस फूलना या असामान्य थकान जैसे गंभीर लक्षण हों तो चिकित्सकीय सलाह लेने में देरी नहीं करनी चाहिए।
कार्यक्रम में युवाओं ने फिटनेस, खानपान और व्यायाम से जुड़े सवाल पूछे, जिनका राहुल कुमार ने जवाब दिया। उन्होंने युवाओं से परिवार और समाज में भी स्वास्थ्य जागरूकता फैलाने की अपील की।
रिपोर्ट: पंकज पांडे
Also read: लखीमपुर में एडीएम ने निघासन-सिंगाही के विकास कार्यों का लिया जायजा, दिए निर्देश

