लखीमपुर: सिंगाही में पीस कमेटी की बैठक, नवरात्रि पर शांति व्यवस्था को लेकर पुलिस सख्त
Lakhimpur Kheri News: आगामी शारदीय नवरात्रि पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने के उद्देश्य से मंगलवार को थाना सिंगाही परिसर में पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई।
बैठक की अध्यक्षता नवागत क्षेत्राधिकारी निघासन व थाना अध्यक्ष राज बहादुर सिंह ने संयुक्त रूप से की। बैठक में क्षेत्र के संभ्रांत नागरिकों, जनप्रतिनिधियों और धर्मगुरु को बुलाया गया था।
अधिकारियों ने सभी से नवरात्रि पर्व को आपसी भाईचारे और शांति के साथ मनाने की अपील की।
इस दौरान नगर पंचायत सिंगाही अध्यक्ष मोहम्मद कय्यूम,सभासद वार्ड नंबर 6 रामनरेश गुप्ता ने नवागत क्षेत्राधिकारी निघासन को स्मृति चिन्ह और अंग वस्त्र भेंट कर स्वागत किया।
थाना अध्यक्ष राज बहादुर सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि पर्व के दौरान शांति भंग करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। नवागत क्षेत्राअधिकारी निघासन ने स्पष्ट चेतावनी दी कि कानून व्यवस्था बिगाड़ने वाले अराजक तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों पर विशेष नजर रखी जाएगी। उन्होंने आम जनता से अपील की कि किसी भी अप्रिय स्थिति या संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें। पुलिस प्रशासन हर समय जनता की सहायता के लिए तत्पर है।
बैठक में नगर पंचायत सिंगाही अध्यक्ष मोहम्मद कय्यूम, दरोगा प्रदीप दुबे, सभासद रामनरेश गुप्ता सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
रिपोर्ट – विनय मिश्रा
Also Read: लखीमपुर में एडीएम ने निघासन-सिंगाही के विकास कार्यों का लिया जायजा, दिए निर्देश

