Muzaffarnagar News: प्रेमी से शादी के लिए पत्नी ने कराई पति की हत्या, जमीन बेचकर 10 लाख देने का वादा
Muzaffarnagar News: मुजफ्फरनगर के रतनपुरी थाना क्षेत्र में किसान प्रवीण उर्फ परविन्द्र की हत्या का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस के मुताबिक, पत्नी रेखा ने प्रेम संबंध में बाधक बन रहे पति को रास्ते से हटाने के लिए प्रेमी विकास के साथ मिलकर साजिश रची थी। मामले में पुलिस ने पत्नी, उसके प्रेमी और दो अन्य आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, आरोपियों के पास से दो तमंचे, तीन मोबाइल फोन और वारदात में इस्तेमाल कार बरामद की गई है। एसएसपी संजय कुमार वर्मा ने बताया कि 27 सितंबर को प्रवीण की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इसके बाद रतनपुरी पुलिस और क्राइम ब्रांच ने जांच शुरू की।
नए मोबाइल से जंगल में बुलाया
पुलिस के मुताबिक, आरोपी राजा उर्फ काला ने नया मोबाइल और सिम खरीदा था। इसी फोन से प्रवीण को अम्बरपुर गांव के जंगल में बुलाया गया। वहां पहले से विकास, राजा और कल्याण सिंह मौजूद थे। आरोप है कि कल्याण और राजा ने प्रवीण को गोली मार दी। इसके बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए।
जमीन बेचकर देने थे 10 लाख
जांच में सामने आया कि रेखा और विकास के बीच 2019 से प्रेम संबंध थे। पुलिस के मुताबिक, प्रवीण दोनों के रिश्ते का विरोध करता था। रेखा ने पति की हत्या के बाद जमीन बेचकर विकास और उसके साथियों को 10 लाख रुपये देने का वादा किया था। विकास ने राजा और कल्याण को साजिश में शामिल किया। पुलिस के अनुसार, राजा को प्रवीण से डेढ़ लाख रुपये लेने थे। हत्या के बाद विकास ने राजा और कल्याण को तीन-तीन लाख रुपये देने की बात कही थी। मामले में आगे की जांच जारी है।
Also Read: आगरा में पत्नी की हत्या कर घर में ही जलाया शव, सबूत मिटाने को यमुना में बहाईं हड्डियां

