सीतापुर में 21 साल से ठगी कर रहे ‘बंटी-बबली’ गिरफ्तार, आयकर अफसर बनकर ऐंठे 27 लाख
Sitapur crime News: सीतापुर में पुलिस ने 21 साल से ठगी का नेटवर्क चला रहे पति-पत्नी को गिरफ्तार किया है। रोहित बाजपेयी और उसकी पत्नी अन्नू बाजपेयी उर्फ चंद्रा खुद को बैंक मैनेजर और आयकर अधिकारी बताकर लोगों को जाल में फंसाते थे। दोनों के खिलाफ सीतापुर समेत अलग-अलग राज्यों में 10 मुकदमे दर्ज हैं।
कोतवाली नगर पुलिस की SOG टीम ने दोनों को गिरफ्तार किया। उनके पास से 14 लाख रुपये नकद और 38.740 ग्राम सोना बरामद हुआ है। एसपी अंकुर अग्रवाल ने पुलिस टीम को 25 हजार रुपये का पुरस्कार देने की घोषणा की है।
बैंक अधिकारी बनकर ऐसे ठगी
कन्नौज निवासी रोहित बाजपेयी और नेपाल की रहने वाली अन्नू ने मई में सीतापुर (Sitapur) में रेकी की थी। 31 अगस्त को दोनों प्रेमनगर में रामनरेश जायसवाल के मकान में किराये पर रहने लगे।
रोहित ने खुद को PNB मिश्रिख का शाखा प्रबंधक बताया, जबकि अन्नू ने आयकर निरीक्षक (Income Tax Inspector) की पहचान बताई। दोनों ने फर्जी पहचान पत्र भी दिखाकर मकान मालिक का भरोसा जीता।
इसके बाद आरोपियों ने रामनरेश से बैंक की नीलामी में सोने के बिस्किट दिलाने के नाम पर 20 लाख रुपये और नोट बदलने के नाम पर 2 लाख रुपये लिए। प्रेमलता बाजपेयी से 1 लाख और लांड्री संचालक अतुल से 4 लाख रुपये ठगे। यानी सीतापुर में कुल 27 लाख रुपये की ठगी की।
कार बदलकर छिपते रहे
14 सितंबर को दोनों कार लेकर फरार हो गए। पुलिस के मुताबिक, आगरा, कोटा, बैतूल और चेन्नई में वाहन बदलकर छिपते रहे। ठगी की रकम से करीब 6 लाख रुपये के आभूषण और 50 हजार रुपये के दो मोबाइल भी खरीदे।
पुलिस अधीक्षक अंकुर अग्रवाल ने बताया कि पूछताछ में दोनों ने वर्ष 2005 से ठगी करने की बात स्वीकार की है। दोनों Sitapur के अलावा मध्य प्रदेश, ओडिशा, राजस्थान और बिहार में भी लोगों को ठग चुके हैं। पुलिस अब उनके पुराने मामलों और नेटवर्क की पड़ताल कर रही है।
Also Read: मंदिर के कमरे में ले जाकर नाबालिग से रेप, आरोपी सफाई कर्मचारी मुजफ्फरनगर से गिरफ्तार

