गोरखपुर लिंक एक्सप्रेसवे पर भीषण हादसा, वॉल्वो बस-ट्रेलर की टक्कर में 4 यात्रियों की मौत

Ambedkar Nagar News: अंबेडकरनगर में गोरखपुर लिंक एक्सप्रेसवे (Gorakhpur Link Expressway) पर शुक्रवार सुबह करीब 5 बजे बड़ा सड़क हादसा हो गया। दिल्ली से बिहार जा रही एक वॉल्वो बस की ट्रेलर से जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में बस सवार 4 यात्रियों की मौत हो गई, जबकि 4 लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं।

हादसा जिला मुख्यालय से करीब 50 किलोमीटर दूर हुआ। टक्कर इतनी तेज थी कि बस का बायां हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद बस में चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया।

ओवरटेक के दौरान हुआ हादसा

पुलिस के मुताबिक, हादसा ओवरटेक के दौरान हुआ। शुरुआती जांच में सामने आया है कि बस चालक को झपकी आने के कारण वाहन अनियंत्रित हो गया और ट्रेलर से टकरा गया। हालांकि, पुलिस हादसे के वास्तविक कारणों की जांच कर रही है।

हादसे में घायल यात्रियों की पहचान सुमित मिश्रा, सुमित आनंद और रिंकू कुमारी के रूप में हुई है। एक अन्य घायल यात्री की पहचान की जानकारी सामने नहीं आई है। पुलिस मृतकों की पहचान कराने के साथ हादसे की परिस्थितियों की भी जांच कर रही है।

कुछ देर प्रभावित रहा यातायात

दुर्घटना के बाद Gorakhpur Link Expressway पर कुछ देर तक यातायात प्रभावित रहा। बचाव दल और पुलिस ने क्षतिग्रस्त बस को सड़क किनारे कराया, जिसके बाद यातायात व्यवस्था सामान्य हो सकी। पुलिस हादसे से जुड़े सभी पहलुओं की जांच में जुटी है।

Also Read: महाराष्ट्र के दिवेआगर बीच पर बड़ा हादसा, पिकनिक मानने आए 8 छात्रों की डूबने से मौत

Get real time updates directly on you device, subscribe now.