CEC के खिलाफ प्रदर्शन, जंतर-मंतर छावनी में तब्दील… धारा 163 लागू, सभी रास्ते सील और 11 मेट्रो स्टेशन बंद

Jantar Mantar Protest against CEC: मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार (Gyanesh Kumar) के खिलाफ 2 अक्टूबर को दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रस्तावित प्रदर्शन से पहले नई दिल्ली इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। दिल्ली पुलिस ने प्रदर्शन की अनुमति नहीं दी है और जंतर-मंतर तथा आसपास के इलाकों में बैरिकेडिंग और अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात किए गए हैं।

प्रदर्शन का मुद्दा चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली और मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर उठाई जा रही आपत्तियों से जुड़ा है। AISA, SFI, DYFI, AAP और अन्य संगठनों ने अलग-अलग स्तर पर लोगों से प्रदर्शन में शामिल होने की अपील की है। AISA अध्यक्ष नेहा बोरा, आरजेडी सांसद मनोज झा और वरिष्ठ अधिवक्ता प्रशांत भूषण की ओर से भी 2 अक्टूबर को जंतर-मंतर पर कार्यक्रम का ऐलान किया गया है।

धारा 163 लागू, जंतर-मंतर के आसपास ट्रैफिक डायवर्जन

नई दिल्ली जिले में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 163 लागू है। इसके तहत बिना लिखित अनुमति के पांच या उससे अधिक लोगों की सभा, जुलूस, प्रदर्शन, धरना और नारेबाजी पर रोक है। पुलिस ने जंतर-मंतर, संसद मार्ग, कनॉट प्लेस, पटेल चौक और आसपास के इलाकों में ट्रैफिक को नियंत्रित करने और डायवर्ट करने की व्यवस्था की है।

दिल्ली पुलिस के मुताबिक प्रस्तावित प्रदर्शन (Protest against CEC) में बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना है। इसी को देखते हुए दिल्ली पुलिस के साथ केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल (CAPF) की तैनाती की गई है।

11 मेट्रो स्टेशन पर एंट्री-एग्जिट बंद

सुरक्षा व्यवस्था के तहत दिल्ली मेट्रो (Delhi Metro) ने 11 स्टेशनों पर यात्रियों के प्रवेश और निकास को अगले आदेश तक बंद किया है। इनमें:

  • जनपथ
  • पटेल चौक
  • सेंट्रल सेक्रेटेरिएट
  • राजीव चौक
  • सेवा तीर्थ
  • मंडी हाउस
  • लोक कल्याण मार्ग
  • आईएनए
  • चावड़ी बाजार
  • रामकृष्ण आश्रम मार्ग
  • नई दिल्ली

शामिल हैं। हालांकि राजीव चौक, मंडी हाउस, नई दिल्ली और सेंट्रल सेक्रेटेरिएट पर इंटरचेंज की सुविधा जारी रहेगी।

AAP और छात्र संगठनों का प्रदर्शन का ऐलान

AAP ने 2 अक्टूबर को सुबह 10 बजे Jantar Mantar पहुंचने की अपील की है। वहीं SFI और DYFI ने भी जंतर-मंतर तक मार्च का ऐलान किया है। रिपोर्टों के मुताबिक, छात्र संगठनों के मार्च में करीब 1,500 लोगों के शामिल होने का अनुमान है, हालांकि पुलिस से इसकी अनुमति नहीं मिली है।

AAP नेताओं मनीष सिसोदिया, संजय सिंह और आतिशी ने SIR और मतदान के अधिकार से जुड़े मुद्दों को लेकर लोगों से प्रदर्शन में शामिल होने की अपील की है। इन नेताओं ने CEC के इस्तीफे की मांग भी उठाई है।

वहीं, CJP संस्थापक अभिजीत दीपके (Abhijeet Dipke) ने भी CEC के इस्तीफे की मांग को लेकर देशभर में आंदोलन का ऐलान किया है। संगठन की ओर से मुंबई से आंदोलन (Protest against CEC) शुरू करने और आगे इसे दिल्ली के जंतर-मंतर तक ले जाने की बात कही गई है।

Also Read: ज्ञानेश कुमार के गले पड़ी नई मुसीबत, खुल गई 20 साल पुरानी फाइल, इंजीनियर की मौत से जुड़ा मामला

Get real time updates directly on you device, subscribe now.