Siddharthnagar News: विद्यालय में पॉक्सो अधिनियम को लेकर विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

Siddharthnagar News: उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के निर्देश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, सिद्धार्थनगर के तत्वावधान में 25 सितम्बर से 1 अक्टूबर 2026 तक विद्यालयों में पॉक्सो अधिनियम-2012 के प्रावधानों एवं विधिक परिणामों को लेकर विशेष जागरूकता अभियान चलाया गया।

अभियान के क्रम में 1 अक्टूबर को जय किसान इंटर कॉलेज, सकतपुर सनई, सिद्धार्थनगर में छात्र-छात्राओं के बीच विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव शैलेन्द्र नाथ ने की।

कार्यक्रम में सचिव शैलेन्द्र नाथ ने छात्र-छात्राओं को पॉक्सो अधिनियम-2012 के प्रमुख प्रावधानों की जानकारी देते हुए बताया कि यह कानून 18 वर्ष से कम आयु के बच्चों को लैंगिक उत्पीड़न, लैंगिक हमले एवं लैंगिक अपराधों से संरक्षण प्रदान करता है। उन्होंने बच्चों को अच्छे-बुरे स्पर्श, व्यक्तिगत सीमाओं और सुरक्षित व्यवहार के प्रति जागरूक किया।

उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार का अनुचित स्पर्श, अशोभनीय व्यवहार, अनुचित संदेश अथवा ऐसी गतिविधि जिससे बच्चा असहज या असुरक्षित महसूस करे, उसे नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। ऐसी स्थिति में बच्चों को डरने या चुप रहने के बजाय माता-पिता, अभिभावक, शिक्षक, विद्यालय के जिम्मेदार अधिकारी या पुलिस को तत्काल जानकारी देनी चाहिए।

विद्यालय में पॉक्सो अधिनियम को लेकर विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

ऑनलाइन सुरक्षा को लेकर भी किया जागरूक

कार्यक्रम के दौरान बच्चों को साइबर एवं ऑनलाइन सुरक्षा के प्रति भी जागरूक किया गया। अनजान लोगों से बातचीत, निजी फोटो या वीडियो साझा करने, संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने तथा सोशल मीडिया पर व्यक्तिगत जानकारी साझा करने से बचने की सलाह दी गई। संदिग्ध ऑनलाइन गतिविधि या अनुचित संदेश मिलने पर किसी विश्वसनीय वयस्क को तत्काल जानकारी देने के लिए प्रेरित किया गया।

छात्र-छात्राओं को उनके कानूनी अधिकारों, सुरक्षा और सम्मान के प्रति जागरूक करते हुए कहा गया कि किसी अनुचित घटना को अपनी गलती समझकर चुप न रहें। साथ ही विद्यालय में सुरक्षित एवं सम्मानजनक वातावरण बनाए रखने तथा किसी बच्चे के साथ होने वाली अनुचित घटना की जानकारी मिलने पर उसे नजरअंदाज न करने का संदेश दिया गया।

कार्यक्रम में विद्यालय के प्रधानाचार्य श्रीजयराम का विशेष सहयोग रहा। छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। पीएलवी सिद्धार्थ कुमार ने भी कार्यक्रम में सहयोग प्रदान किया। सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने बताया कि अभियान के तहत जनपद के विभिन्न विद्यालयों में न्यायिक अधिकारियों के माध्यम से प्रातःकालीन सभा के दौरान बच्चों को पॉक्सो अधिनियम के प्रावधानों एवं विधिक परिणामों के प्रति जागरूक किया जा रहा है।

रिपोर्ट- जाकिर खान

Also Read: गांधी के चरखे में छिपा है आत्मनिर्भरता का मंत्र: राजेश पांडेय

Get real time updates directly on you device, subscribe now.