लखनऊ में लाइसेंसी पिस्टल से युवक ने गोली मारकर किया सुसाइड, जांच में जुटी पुलिस
Lucknow News: लखनऊ के दुबग्गा थाना क्षेत्र में 35 वर्षीय रंजीत रावत ने गोली मारकर खुदखुशी कर लिया। वह अमेठिया सलेमपुर गांव के रहने वाले थे। उनके पिता तेजीराम बाबू पूर्व केंद्रीय राज्यमंत्री कौशल किशोर के करीबी नेता बताए जाते हैं। पुलिस के मुताबिक, घटना में इस्तेमाल लाइसेंसी पिस्टल को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी गई है।
गोली लगने के बाद KGMU ले गए परिजन
जानकारी के अनुसार, रंजीत रावत ने शुक्रवार शाम करीब 4:30 बजे अपनी लाइसेंसी पिस्टल से कनपटी पर गोली मार ली। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार के लोगों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची दुबग्गा पुलिस उन्हें आनन-फानन में किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी (KGMU) लेकर गई, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। रंजीत रावत विवाहित थे। उनके परिवार में पिता तेजीराम बाबू, पत्नी और दो बच्चे हैं। घटना के बाद परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है।
आत्महत्या के कारणों का पता लगा रही पुलिस
दुबग्गा पुलिस के अनुसार, रंजीत के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। घटनास्थल से लाइसेंसी हथियार कब्जे में ले लिया गया है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि रंजीत ने यह कदम क्यों उठाया। मामले की जांच विभिन्न पहलुओं को ध्यान में रखकर की जा रही है।
Also Read: गोंडा की नन्ही धाविका अनामिका का कमाल, 3 घंटे 40 मिनट में पूरी की 30 KM की दौड़

