13 हजार का कर्ज, 38 हजार अदा, फिर भी 1 लाख बकाया, साहूकार ने कब्जा ली मजदूर की आधा बीघा जमीन

Bijnor News: बिजनौर के नूरपुर थाना क्षेत्र में सूदखोरी और जमीन पर कब्जे का मामला सामने आया है। पूरनपुर स्याना गांव निवासी मजदूर राजवीर सिंह का आरोप है कि उसने बच्चे के इलाज के लिए 2013-15 के बीच गांव के ही जोगेंद्र सिंह से 13 हजार रुपये उधार लिए थे। इसके बाद वह करीब 38 हजार रुपये चुका चुका है, लेकिन साहूकार ने कर्ज खत्म करने के बजाय रकम बढ़ाकर करीब एक लाख रुपये कर दी।

राजवीर के मुताबिक उसने वर्ष 2020 तक 10,800 रुपये वापस कर दिए थे। इसके बावजूद जोगेंद्र सिंह ने ब्याज जोड़कर 61,500 रुपये की मांग शुरू कर दी। आरोप है कि दबाव और धमकी के बीच उससे 28 हजार रुपये और वसूल किए गए। इसके बाद भी हर महीने पांच प्रतिशत ब्याज जोड़कर करीब एक लाख रुपये बकाया बताया जाता रहा।

पांच दिन पहले जमीन पर बोई फसल

राजवीर राजमिस्त्री के साथ मजदूरी करता है और उसके पास सिर्फ आधा बीघा जमीन है। उसका आरोप है कि करीब पांच दिन पहले जोगेंद्र सिंह ने उसकी इसी जमीन पर कब्जा कर फसल बो दी। साथ ही कहा कि एक लाख रुपये देने पर जमीन छोड़ दी जाएगी।

राजवीर का कहना है कि वह बेहद गरीब मजदूर है और उसके पास अपना मकान तक नहीं है। आर्थिक तंगी के कारण उसके बच्चों की पढ़ाई भी प्रभावित हो रही है। आधा बीघा जमीन ही उसके परिवार के लिए एकमात्र सहारा है।

सीओ देशदीपक के मुताबिक मामले में प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

बिजनौर में सूदखोरी पर उठते सवाल

स्थानीय स्तर पर मनमानी ब्याज दर और कर्जदारों के उत्पीड़न को लेकर लगातार सवाल उठते रहे हैं। खबर के मुताबिक, जिले में इससे पहले भी नजीबाबाद थाने में एक साहूकार के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज हो चुकी है। वहीं, फाइनेंस कंपनियों के एजेंटों पर भी कर्ज वसूली के नाम पर उत्पीड़न के आरोप लगते रहे हैं।

Also Read: लखनऊ में नाबालिग किशोरी को कार से ले गया युवक, पांच लोगों पर केस दर्ज

Get real time updates directly on you device, subscribe now.