अजय राय ने पार्टी के फैसले पर जताया संतोष, बोले- 2027 में यूपी में सरकार और 2029 में राहुल गांधी को पीएम बनाना ही लक्ष्य

Lucknow News: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस आलाकमान ने संगठन में बड़ा फेरबदल किया है। पार्टी ने अजय राय को पद से हटाकर कद्दावर नेता और विधायक आराधना मिश्रा ‘मोना’ को उत्तर प्रदेश का नया प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया है। इस घोषणा के बाद लखनऊ स्थित पार्टी कार्यालय के बाहर कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने होर्डिंग्स व पोस्टर लगाकर ‘मोना’ का जोरदार स्वागत किया और नई जिम्मेदारी के लिए बधाई दी।

हम सब एक परिवार

अध्यक्ष पद से हटाए जाने के बाद वाराणसी में मीडिया से बातचीत करते हुए पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने आलाकमान के फैसले का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा का निर्णय उनके लिए सर्वोपरि है।

अजय राय ने कहा, पद आते-जाते रहते हैं। प्रदेश अध्यक्ष रहते हुए संगठन के हर कार्यकर्ता ने मेरा अभूतपूर्व सहयोग किया, जिसके लिए मैं उनका आभारी हूँ। कार्यकर्ताओं से अपील है कि वे किसी तरह की नाराजगी न रखें। हम सब एक परिवार की तरह हैं। आज पद गया है, कल वापस आ सकता है।

इस्तीफे की खबरों को किया खारिज

अजय राय ने उन अटकलों को भी पूरी तरह से खारिज कर दिया जिनमें उनसे इस्तीफा मांगे जाने की बात कही जा रही थी। उन्होंने स्पष्ट किया कि उनसे कभी इस्तीफा नहीं मांगा गया और वे पार्टी के सच्चे व समर्पित सिपाही की तरह आगे भी दोगुनी मेहनत से काम करते रहेंगे।

उन्होंने अपनी भावी रणनीति और प्राथमिकताओं को रेखांकित करते हुए कहा, उत्तर प्रदेश में महंगाई और बेरोजगारी से त्रस्त जनता को विकल्प देकर कांग्रेस की ऐतिहासिक जीत दर्ज कराना और राज्य में सरकार बनाना। देश भर में पार्टी को मजबूत कर 2029 में राहुल गांधी को देश का अगला प्रधानमंत्री बनाना। जनविरोधी नीतियों के खिलाफ एकजुट होकर पूरी ताकत से चुनाव लड़ना।

Also Read: यूपी में 100 से ज्यादा बीजेपी विधायकों का कट सकता है टिकट, एंटी-इनकंबेंसी और अनबन बनी वजह

Get real time updates directly on you device, subscribe now.